कौन-कौन रहेगी मेरी बीवी? इस जंग में हुआ शीबा का मर्डर, पति ने सौतन के साथ मिलकर दी मौत

मेरठ के सरधना में गन्ने के खेत से मिले महिला शीबा के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोप है कि दूसरे पति सादिक ने परिवार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने सास, सौतन और देवर को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 August 2026, 5:41 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में गन्ने के खेत से मिले महिला के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके दूसरे पति के परिवार वालों ने मिलकर की थी। आरोप है कि महिला का दूसरा पति सादिक अपने परिवार के साथ मिलकर हत्या की साजिश में शामिल था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसकी मां, पहली पत्नी और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी सादिक और उसका भाई आबिद अभी फरार हैं।

गन्ने के खेत में मिला था महिला का शव

दरअसल, सरधना थाना क्षेत्र के कुशावली-ज्वालागढ़ संपर्क मार्ग पर दौलतपुर गांव के जंगल में गुरुवार सुबह महिला का शव मिला था। गांव निवासी ओमपाल के गन्ने के खेत में ग्रामीण घास काटने पहुंचे थे, जहां करीब साढ़े दस बजे उन्होंने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। महिला की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर ईंट या पत्थर से हमला किया गया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई और सोशल मीडिया पर तस्वीरें प्रसारित की गईं। इसके बाद शुक्रवार देर रात मृतका की पहचान भावनपुर थाना क्षेत्र के सियाल गांव निवासी शीबा पुत्री मुस्तफा के रूप में हुई।

दूसरे पति के परिवार पर दर्ज हुआ मुकदमा

मृतका के भाई जुनैद की शिकायत पर पुलिस ने कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर लाला निवासी सादिक, उसकी मां वसीला, पहली पत्नी आसिया और भाइयों आबिद व शादाब के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने जांच के बाद वसीला, आसिया और शादाब को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी सादिक और उसके भाई आबिद की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

बेटे को अपने पास रखना चाहता था सादिक

पुलिस जांच में सामने आया कि शीबा की पहली शादी साल 2019 में मोहम्मदपुर लाला निवासी शाहरुख से हुई थी। दोनों के दो बच्चे थे, जिनमें बेटी नवीया और बेटा मोहम्मद साद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शाहरुख काम के सिलसिले में गाजियाबाद की सीमेंट फैक्ट्री गया था। इसी दौरान शीबा की मुलाकात सादिक से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। सादिक पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी आसिया से पांच बेटियां हैं। आरोप है कि सादिक सिर्फ शीबा के बेटे मोहम्मद साद को अपने साथ रखना चाहता था, जबकि शीबा अपनी बेटी नवीया को भी अपने पास रखना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

कार में गला घोंटकर हत्या का आरोप

मृतका के भाई जुनैद के मुताबिक, सादिक ने 2 जून को शीबा को तीन तलाक दे दिया था। इसके बाद शीबा अपने मायके चली गई और उसके पिता ने पचपेंडा गांव में उसके लिए किराए का मकान ले दिया था। 30 जुलाई को सादिक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। शीबा और उसके बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसकी पांच वर्षीय बेटी नवीया को घर पर ही छोड़ दिया गया। जांच में सामने आया कि गुरुवार को सादिक कार से शीबा को लेकर जा रहा था। इसी दौरान शीबा ने अपने भाई जुनैद को फोन कर बताया था कि सादिक उसे देहरादून ले जाने की बात कह रहा है। आरोप है कि कार में मौजूद सादिक की मां, पहली पत्नी और भाई के साथ शीबा का विवाद हुआ। इसी दौरान छीना-झपटी में उसका मोबाइल टूट गया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान सादिक ने कार में ही शीबा का गला घोंट दिया।

शव को खेत में फेंककर फरार हुए आरोपी

पुलिस ने आगे बताया कि हत्या के बाद आरोपी शव को सरधना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के जंगल में गन्ने के खेत में फेंककर फरार हो गए। पहचान छिपाने के लिए महिला के चेहरे और सिर पर ईंट से वार किए गए थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार सादिक व आबिद की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Location :  Meerut

Published :  22 August 2026, 5:41 PM IST

Advertisement