पति-पत्नी का विवाद बना बवाल की वजह! ससुराल और मायके पक्ष में जमकर मारपीट, पुलिस ने उठाया बड़ा कदम

गोरखपुर के कैम्पियरगंज में पति-पत्नी का विवाद देखते ही देखते दो परिवारों की लड़ाई में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 12 August 2026, 6:59 AM IST

Gorakhpur: कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के बेलमा टोला सोहतउवां गांव में मंगलवार को पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद उस समय तूल पकड़ गया, जब पत्नी ने अपने मायके पक्ष के लोगों को मौके पर बुला लिया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पीआरवी और थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दो घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

इस बात को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार गांव निवासी रामसमुझ यादव पुत्र ओरी यादव का अपनी पत्नी प्रमिला से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर प्रमिला ने अपने पिता, भाई, चाचा समेत मायके पक्ष के अन्य लोगों को सूचना देकर गांव बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर बैठकर आपसी बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास कर रहे थे।

इसी दौरान पत्नी के भाई का पुत्र कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए। मारपीट के दौरान आर्यन गौड़ और संजना यादव घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।

फुटबॉलर रोनाल्डो ने अपनी गर्लफ्रेंड जॉर्जिना से रचाई शादी, गुपचुप मैरिज की खबर ने चौंकाया फैंस को

मारपीट की सूचना मिलते ही पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को शांत कराया और घायल आर्यन गौड़ व संजना यादव को पीआरवी वाहन से निजी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों ने घायलों को समय से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से कैम्पियरगंज थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पति पक्ष के पांच तथा पत्नी और उसके मायके पक्ष के चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

गोरखपुर में मिली लावारिस किशोरी की कहानी उलझी, पहचान नहीं हुई तो पुलिस ने लिया बड़ा फैसला

मामले में पुलिस का बयान

पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  12 August 2026, 6:53 AM IST