यूपी ट्रिपल मर्डर केस: भाजपा नेता के दो भाइयों और उसके भतीजे को गोलियों से भूना

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर: खुर्जा में जन्मदिन पार्टी के दौरान खूनी संघर्ष। भाजपा सभासद के दो भाइयों और भतीजे की गोली मारकर हत्या। विवाद के बाद आरोपी जीतू सैनी ने साथियों के साथ मिलकर की अंधाधुंध फायरिंग, CCTV की DVR लेकर हुआ फरार। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

Updated : 26 April 2026, 10:01 AM IST
google-preferred

Bulandshahar: जनपद के खुर्जा क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सुभाष मार्ग स्थित 'आरजेएस फिटनेस जिम' ट्रिपल मर्डर का अखाड़ा बन गया। जानकारी के अनुसार, जिम में जन्मदिन मना रहे एक युवक का स्थानीय सभासद के भाइयों से किसी बात पर विवाद हो गया। गुस्साया युवक वहां से घर गया और अपने भाई की लाइसेंसी पिस्टल व साथियों को लेकर वापस जिम पहुंचा। आरोपी ने अंधाधुंध फायरिंग कर सभासद के सगे भाई, चचेरे भाई और भतीजे को मौत के घाट उतार दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी कलानिधि नैथानी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू की।

 गाली-गलौज से बढ़ा तनाव

घटना की शुरुआत 'आरजेएस फिटनेस जिम' में आयोजित एक बर्थडे पार्टी से हुई। चश्मदीदों और पुलिस जांच के अनुसार, पार्टी में शराब का दौर चल रहा था। रात करीब 11 बजे, आरोपी जीतू सैनी और अमरदीप के बीचकिसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

विवाद इतना बढ़ा कि अमरदीप और उसके साथ आए मनीष ने जीतू को सरेआम गालियां दे दीं। जन्मदिन के मौके पर हुए इस अपमान से क्षुब्ध होकर जीतू सैनी वहां से निकल गया।

विवाद के करीब एक घंटे बाद आरोपी जीतू सैनी अपने साथियों के साथ जिम पहुँचा। उसके पास अपने भाई की लाइसेंसी पिस्टल थी। जिम की पहली मंजिल पर पहुँचते ही उसने वहां बैठे मनीष, अमरदीप और आकाश पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी होते ही जिम में अफरा-तफरी मच गई और अन्य युवक मशीनों के पीछे छिप गए। इस दौरान आकाश ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उसके सिर में गोली मार दी। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सबूत मिटाने की कोशिश और फरार आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जीतू सैनी ने शातिर तरीके से सबूत मिटाने की कोशिश की। वह जिम में लगे CCTV कैमरों का DVR उखाड़ कर अपने साथ ले गया ताकि पुलिस को कोई फुटेज न मिल सके।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से शराब की बोतलें, बीयर कैन और सिगरेट के अवशेष मिले हैं, जिससे पार्टी में नशे के सेवन की पुष्टि हुई है।

पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि जिम का संचालक भी पहले से ही हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद है। वर्तमान में पुलिस ने 15 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 6 विशेष टीमें गठित की गई हैं।

Location :  Bulandshahar

Published :  26 April 2026, 9:48 AM IST

Related News

Advertisement