Bulandshahr: ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड ,पुलिस प्रशासन पर भी उठे सवाल

बुलंदशहर के खुर्जा ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में लापरवाही पर 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड हुए और 8 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है। जिम विवाद से शुरू हुआ मामला गैंगवार में बदल गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 April 2026, 11:02 AM IST

Bulandshahr: खुर्जा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले ने पूरे जिले को हिला दिया है। मामले की गंभीरता और जांच में लापरवाही सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बड़ा एक्शन लेते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं।

चार पुलिसकर्मी निलंबित

जांच में यह पाया गया कि स्थानीय पुलिस स्तर पर गंभीर लापरवाही बरती गई थी। इसी आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद शर्मा, चौकी प्रभारी बुर्ज उस्मान प्रीतम सिंह, हेड कॉन्स्टेबल समीम अहमद और सिपाही पारस यादव को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

8 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित

इस मामले में पुलिस ने कुल 10 नामजद और 1 अन्य आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि 8 आरोपी अभी भी फरार हैं। फरार आरोपियों में मुख्य आरोपी जीतू सैनी, उसका भाई रवि, अनुज, रिकू, सौरभ, मनीष, भारत सैनी और सोनू शामिल हैं। सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Crime News: बुलंदशहर में एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या, जानें क्या है पूरा मामला

जिम विवाद से शुरू हुआ खूनी संघर्ष

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पूरा मामला एक मामूली ‘इगो क्लैश’ से शुरू हुआ था। मुख्य आरोपी जीतू सैनी ने अपने जन्मदिन पर कुछ लोगों को बुलाया था, लेकिन अमरदीप को आमंत्रित नहीं किया गया। इसी बात से नाराज होकर अमरदीप ने जिम में अलग से केक काटने का आयोजन किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

विवाद से बढ़कर बना गैंगवार

दोनों पक्ष एक ही जिम से जुड़े हुए थे और पहले भी उनके बीच कहासुनी हो चुकी थी। मामूली विवाद धीरे-धीरे रंजिश में बदल गया और बाद में यह फायरिंग में तब्दील हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया।

गुरुग्राम से उठी चिंगारी… नोएडा में गोलीकांड, अब बुलंदशहर तक भड़की आग; जानें नोएडा मजदूर आंदोलन की पूरी टाइमलाइन

पुलिस की सख्ती और जांच तेज

पुलिस अब पूरे नेटवर्क और सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने साफ कहा है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।

Location :  Bulandshahr

Published :  29 April 2026, 11:01 AM IST