बदायूं में शिकायत हुई, FIR भी दर्ज… फिर भी नहीं मिला इंसाफ, झांसे में आया किसान; पढ़िये पूरा मामला

बदायूं में हाईवे पर मिट्टी डालने के नाम पर किसान का ट्रैक्टर हड़पने का आरोप। आरोपियों ने धमकी दी और चार्जशीट अटकी, पीड़ित ने निष्पक्ष जांच और ट्रैक्टर की वापसी की मांग की।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 March 2026, 5:42 PM IST

Budaun: बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बुधवाई निवासी मजदूर-किसान शिव कुमार (पुत्र स्व. हेमराज) ने आरोप लगाया है कि उनके नए महिंद्रा 575 ट्रैक्टर (रजि. नं. UP 24 BM 0749, चेसिस नं. MBNGAALUZRH) को हाईवे पर मिट्टी डालने के नाम पर तीन लोगों ने हड़प लिया। यह मामला पिछले आठ महीनों से तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर रहा है।

ट्रैक्टर पर 30 हजार रुपये प्रतिमाह का झांसा

शिव कुमार का कहना है कि उन्होंने लगभग आठ माह पहले एक लाख रुपये जमा कर ट्रैक्टर अपने नाम पर रजिस्टर्ड कराया था। इसके बाद ग्राम पडीआ (थाना सिविल लाइन) निवासी इन्देश पुत्र रामपाल, ग्राम चिकन नगरिया (थाना उसावाँ) निवासी प्रदीप पुत्र राकेश और मंडी समिति (रिलायंस पेट्रोल पम्प के निकट) निवासी कमल (पुत्र नामालूम) ने उनसे संपर्क किया।

तीनों ने दावा किया कि शिव कुमार का नया ट्रैक्टर हाईवे पर मिट्टी डालने के काम में प्रतिमाह 30 हजार रुपये पर लगाया जा सकता है और कहा कि “हमने कई लोगों के ट्रैक्टर ऐसे ही लगवाए हैं।” शिव कुमार ने उनकी बातों में भरोसा कर ट्रैक्टर किराये पर दे दिया।

ट्रैक्टर लौटाने में देरी और धमकियां

एक महीने बीतने के बाद जब किराया नहीं मिला, तो शिव कुमार ने तकादा किया। आरोप है कि आरोपियों ने टाल-मटोल करना शुरू किया और अंततः कहा- “तेरा ट्रैक्टर कटवा दिया है, अब वापस नहीं मिलेगा। ज्यादा बोलेगा तो झूठे बलात्कार के केस में जेल भिजवा देंगे या जान से मरवा देंगे।”

घर से निकला था सपनों के साथ, वापस लौटी सिर्फ खबर… बदायूं में ऐसा क्या हुआ?

शिव कुमार के अनुसार आसपास पूछताछ करने पर यह पता चला कि आरोपियों ने इसी तरह कई अन्य किसानों और ट्रैक्टर मालिकों के वाहन भी हड़प लिए हैं।

पुलिस में रिपोर्ट और लंबित चार्जशीट

शिव कुमार ने पहले मंडी समिति पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन एफआईआर नहीं हुई। इसके बाद उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने पर चौकी इंचार्ज ने थाना सिविल लाइन, मु.अ.सं. 0448/2025, धारा 316(2), 318(4), 351(2) बीएनएस के तहत 20 सितंबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया।

पीड़ित का आरोप है कि मामले की जांच के जिम्मेदार विवेचक नीरज ने 21 नवंबर 2025 को उन्हें मंडी चौकी बुलाया, लेकिन आरोपियों से कथित “आर्थिक साँठ-गाँठ” के कारण चार्जशीट तैयार नहीं की जा रही है। शिव कुमार ने कहा कि मौजूदा विवेचक से न्याय की कोई उम्मीद नहीं है।

पीड़ित की मांगें

  • मामले की विवेचना किसी अन्य निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए।
  • हड़प लिया गया ट्रैक्टर बरामद कर वापस दिलाया जाए।
  • आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए शीघ्र चार्जशीट दाखिल की जाए।

बदायूं में इंसानियत शर्मसार: चोरी के शक में युवती के साथ जो हुआ, जानकर दहल जाएंगे!

स्थानीय लोग भी परेशान

ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे मामलों से ट्रैक्टर मालिक और किसानों में भय का माहौल बनता है। कई लोग आरोपियों के कृत्य के कारण अपने वाहन हाईवे पर काम के लिए नहीं लगाते। वहीं पुलिस ने फिलहाल इस पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Location : 
  • Budaun

Published : 
  • 30 March 2026, 5:42 PM IST