बदायूं मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल आते ही मची खलबली, घंटों चला सर्च ऑपरेशन

बदायूं मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल से शहर में हड़कंप मच गया। पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने 3 घंटे तक सघन तलाशी ली। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।

Updated : 16 July 2026, 1:49 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं शहर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी मिली। यह धमकी डाकघर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक अज्ञात संदेश के जरिए भेजी गई थी। ईमेल में इमारत को बम से तबाह करने की बात कही गई थी, जिसे देखते ही डाक विभाग के अधिकारियों के होश उड़ गए। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी, जिसके बाद पूरे महकमे में खलबली मच गई।

डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया। आनन-फानन में पुलिस की कई टीमें, भारी सुरक्षा बल, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के लिहाज से सबसे पहले पूरे डाकघर और उसके आसपास के परिसर को खाली कराया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में लेकर एक बेहद सघन और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

यह भी पढ़ें-आस्था की तिजोरी पर डाका डालने वालों का खुला कच्चा चिट्ठा, जानें अब तक की जांच में SIT ने कहां-कहां कसा शिकंजा

3 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन, पार्सल और लेटर खंगाले

सुरक्षाबलों ने करीब तीन घंटे तक डाकघर के चप्पे-चप्पे और कोने-कोने की बारीकी से जांच की। डाकघर के भीतर रखे तमाम पार्सल, आने-जाने वाले लेटर्स, बोरियों और अन्य सामानों को मेटल डिटेक्टर व आधुनिक मशीनों की मदद से स्कैन किया गया। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों और डाकघर में आए आम लोगों से भी पूछताछ की गई। सुरक्षा को देखते हुए डाकघर की तरफ आने वाली मुख्य सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी गई और वहां से गुजरने वाले संदिग्ध लोगों की भी चेकिंग की गई।

Budaun threat Head Post Office

चांज पड़ताल करते अधिकारी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

घंटों की मशक्कत के बाद प्रशासन ने ली राहत की सांस

बम निरोधक दस्ते द्वारा डाकघर की पूरी इमारत की गहन स्कैनिंग और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद राहत की खबर सामने आई। पुलिस को पूरे परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु, लावारिस सामान या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, एहतियात के तौर पर डाकघर के बाहर अभी भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

यह बी पढ़ें-Balrampur: अवध के अवधेश के स्वागत में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, जानिए भाजपा की इस बड़ी लामबंदी के सियासी मायने

साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि डाकघर के आधिकारिक ईमेल पर बम की धमकी मिली थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अब इस बात की जांच की जा रही है कि यह ईमेल कहां से और किसने भेजा था।

Location :  Budaun

Published :  16 July 2026, 1:49 PM IST

Advertisement