
कछला से गंगाजल लेकर पैदल बदायूं पहुंचे भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक (Img: Dynamite News)
Budaun: कछला गंगा घाट से गंगाजल लेकर भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में पैदल बदायूं पहुंचे कांवरियों का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। कांवरियों के शहर में प्रवेश करते ही सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटने लगी। कहीं पुष्पवर्षा हुई तो कहीं फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। फल, शीतल जल और कोल्ड ड्रिंक बांटकर श्रद्धालुओं ने कांवरियों का उत्साह बढ़ाया।
कछला गंगा घाट पर गंगाजल भरने के बाद डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में कांवरियों का जत्था पैदल बदायूं के लिए रवाना हुआ। जत्था जैसे-जैसे शहर की ओर बढ़ता गया, स्वागत करने वालों की संख्या भी बढ़ती गई। पूरे रास्ते ‘हर-हर महादेव’ और भगवान शिव के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। हाल ही में दातागंज से बदायूं तक निकली विशाल कांवर यात्रा के बाद एक बार फिर बड़ी संख्या में कांवरियों के शहर पहुंचने से लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
लालपुल पर शिखर मेडिकल स्टोर की ओर से कांवरियों का स्वागत किया गया। इसके बाद इंद्रचौक पर पुलिस प्रशासन ने भी पुष्पवर्षा कर कांवरियों का अभिनंदन किया। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में सीओ सिटी, कोतवाली और सिविल लाइंस थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वागत किया।
ये भी पढ़ें- Chandauli: टंकी साफ करने चढ़ा था कर्मचारी, उतरा ‘मौत’ का करंट! चंदौली हादसे से ग्रामीणों में आक्रोश
इंद्रचौक, कदीर मार्केट और आसपास के बाजारों में व्यापारियों और पत्रकारों ने भी कांवरियों पर फूल बरसाए। कई जगह फूलमालाएं पहनाकर उन्हें फल और ठंडा पानी दिया गया।
स्वागत में उमड़ा जनसैलाब (Img: Dynamite News)
बदायूं स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में डॉ. शैलेश पाठक और कांवरियों का जोरदार स्वागत हुआ। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूलमालाएं पहनाईं और पुष्पवर्षा की। इस दौरान भाजपा कार्यालय परिसर में काफी देर तक भीड़ जुटी रही और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव के आवास पर भी कांवरियों का स्वागत किया गया। बालाजी मंदिर, कचहरी चौराहा, सभासद जया साहू के आवास और प्रजापति टी स्टाल समेत कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने कांवरियों का अभिनंदन किया।
कांवरियों की बड़ी संख्या को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी पूरे मार्ग पर सतर्क रहा। प्रमुख चौराहों और रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रखी, ताकि कांवरियों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। भारी भीड़ के बावजूद पुलिस ने व्यवस्था संभाले रखी। जगह-जगह लोगों की भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात को लेकर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते नजर आए।
ये भी पढ़ें- फर्जी डिग्री के सहारे अदालत में पेशी! UP बार काउंसिल के कसते ही शिकंजे में आए 26 ‘फर्जी’ वकील
डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में चल रहा कांवरियों का जत्था रविवार रात दातागंज के सराय स्थित पंचतेश्वर स्वयंभू महादेव मंदिर परिसर में विश्राम करेगा। इसके बाद सावन के दूसरे सोमवार की सुबह कांवरिये पंचतेश्वर स्वयंभू महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे।
Location : Budaun
Published : 9 August 2026, 8:34 PM IST