बीटेक की डिग्री, लैपटॉप और करोड़ों का गंदा खेल… सोशल मीडिया पर अश्लील साम्राज्य चलाने वाला शातिर गिरफ्तार

हरदोई पुलिस ने एक ऐसे हाईटेक गिरोह का खुलासा किया है, जिसने सोशल मीडिया को अश्लील कारोबार का अड्डा बना दिया था। बीटेक पास आरोपी इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर 21 चैनल चलाकर हजारों लोगों को आपत्तिजनक सामग्री बेच रहा था। जांच में करोड़ों के लेनदेन और हजारों अश्लील वीडियो-फोटो बरामद हुए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 20 May 2026, 9:02 PM IST
google-preferred

Hardoi: हरदोई में पुलिस ने एक ऐसे हाईटेक अपराधी का पर्दाफाश किया है, जिसने तकनीक और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर अश्लीलता का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर दिया। बीटेक पास आरोपी इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर 21 चैनल और ग्रुप बनाकर हजारों लोगों को अश्लील फोटो और वीडियो बेच रहा था। हैरानी की बात यह है कि आरोपी के बैंक खातों में 1.20 करोड़ रुपये मिलने के बाद पुलिस भी चौंक गई। जांच में अब तक 10 हजार अश्लील वीडियो और 40 हजार आपत्तिजनक फोटो बरामद हुए हैं। आरोपी इतना शातिर था कि इंटरनेट पर वायरल छोटे-छोटे क्लिप्स से भी पूरी वीडियो तलाश कर अपने प्राइवेट चैनलों पर बेचता था।

एक शिकायत से खुला करोड़ों के ऑनलाइन गंदे धंधे का राज

पूरा मामला तब सामने आया जब हरदोई के एक छात्र ने अप्रैल महीने में पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। छात्र ने आरोप लगाया कि उसका एआई तकनीक से तैयार किया गया अश्लील वीडियो टेलीग्राम पर अपलोड किया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गोपनीय जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल ट्रेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की पड़ताल की। धीरे-धीरे सुराग प्रयागराज तक पहुंचे, जहां धूमलगंज थाना क्षेत्र के बम्हरौली इलाके में रहने वाला विकास इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड निकला।

मुखबिर बनकर पुलिस ने लिया सब्सक्रिप्शन

पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए बेहद गोपनीय तरीके से काम किया। एक मुखबिर को ग्राहक बनाकर विकास से संपर्क कराया गया। जब मुखबिर ने अश्लील वीडियो की मांग की तो आरोपी ने उसे अपना टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए कहा। विकास ने इसके बदले 350 रुपये जमा कराने की बात कही और अपना बैंक अकाउंट नंबर व आईएफएससी कोड भेज दिया। जैसे ही भुगतान संबंधी जानकारी पुलिस के हाथ लगी, टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई। शहर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक रोशन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

हरदोई में शादी से पहले हंगामा, इंस्टाग्राम प्रेम कहानी में दूल्हे की असलियत पर विवाद, जानिये पूरा मामला

बीटेक की पढ़ाई के बाद शुरू किया अश्लील कारोबार

सीओ सिटी अंकित मिश्रा के मुताबिक विकास ने वर्ष 2019 में प्रयागराज के यूनाइटेड कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। पढ़ाई खत्म होने के बाद उसने सोशल मीडिया के जरिए अश्लील सामग्री बेचने का नेटवर्क खड़ा करना शुरू कर दिया। साल 2020 से उसने इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर अलग-अलग चैनल और ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ना शुरू किया। धीरे-धीरे उसके साथ सात हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर जुड़ गए। आरोपी ने बाकायदा सब्सक्रिप्शन प्लान भी बना रखे थे। 350 रुपये में मासिक प्लान, 450 रुपये में तीन महीने और 600 रुपये में छह महीने का एक्सेस देकर वह लोगों को अपने प्राइवेट चैनलों में जोड़ता था। पुलिस का दावा है कि सिर्फ मौजूदा बैंक खातों में ही करीब 1.20 करोड़ रुपये मिले हैं। पुराने लेनदेन की जांच अभी बाकी है।

10 हजार वीडियो और 40 हजार फोटो ने उड़ाए होश

पुलिस जांच में जो खुलासे हुए, उन्होंने अधिकारियों को भी चौंका दिया। आरोपी के पास से अब तक 10 हजार अश्लील वीडियो और 40 हजार आपत्तिजनक फोटो बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें ज्यादातर वीडियो और तस्वीरें लोगों के प्राइवेट मोमेंट्स से जुड़ी हैं। आरोपी इंटरनेट पर वायरल क्लिप्स, स्क्रीनशॉट और छोटे वीडियो से असली फाइल ढूंढ निकालता था। इसके लिए वह गूगल लेंस समेत कई एडवांस तकनीकों का इस्तेमाल करता था।

जिस गड्ढे को समझा गया समाधान, वही बना काल- हरदोई में हादसे के बाद मचा कोहराम

परिवार को लगता था बेटा ऑनलाइन करता नौकरी

विकास के पिता भारतीय वायुसेना से रिटायर्ड बताए जा रहे हैं। परिवार को हमेशा यही लगता था कि विकास ऑनलाइन काम करता है और कंप्यूटर पर नौकरी करता है। वह ज्यादातर समय अपने कमरे में लैपटॉप और कंप्यूटर के सामने बिताता था। लेकिन जब पुलिस उसके घर पहुंची, तब परिवार को असली सच्चाई पता चली कि विकास ऑनलाइन नौकरी नहीं बल्कि अश्लीलता का बड़ा कारोबार चला रहा था।

जांच में जुटी पुलिस

सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उपनिरीक्षक रोशन सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि उसके चैनलों से नाबालिग छात्र भी जुड़े हुए थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से तो जुड़ा नहीं था। साथ ही डिजिटल डिवाइस, बैंक ट्रांजैक्शन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।

Location :  Hardoi

Published :  20 May 2026, 9:02 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement