

गोरखपुर में खजनी थाना क्षेत्र के बीआरसी के पास महिला पर ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया। महिला मेडिकल कॉलेज में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
खजनी में महिला पर हमला
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां थाना मुख्यालय से महज 100 मीटर दूर, बीआरसी खजनी के पीछे एक 40 वर्षीय महिला को बेरहमी से ईंट से कुचल कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। महिला इस वक्त मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह 4 बजे के लगभग बताई जा रही है , रोजाना की तरह सुबह 9 बजे स्कूल का स्टॉप पहुंचा तो किसी करुण की आवाज ने चौंका दिया। पहले तो उन्होंने इसे जानवर की आवाज समझकर अनसुना कर दिया, लेकिन जब कराहट तेज हुई तो जाकर देखा गया तो वहां खून से लथपथ एक 40 वर्षिय महिला दर्द से तड़प रही थी। उसके सिर में गंभीर चोट थी और शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे।
गोरखपुर के खजनी में महिला की ईंट से कुचलकर हत्या की कोशिश, महिला बुरी तरह जख्मी, देखिए मौके पर पहुंचे डाइनामाइट के संवाददाता शत्रुघ्न मणि त्रिपाठी से बातचीत में क्या बोले खण्ड शिक्षा अधिकारी @Uppolice #Gorakhpurnews #Crime #gorakhpurpolice pic.twitter.com/NGEDb0JyOq
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 4, 2025
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
वहीं स्कूल स्टॉप ने तुरंत खजनी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसओ खजनी अनूप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में महिला को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। इस अमानवीय घटना की जानकारी मिलते ही एसपी साउथ जितेंद्र कुमार, सीओ खजनी उदय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
लोगों ने जताया दुष्कर्म का आरोप
मौके पर मौजूद लोगों ने अंदेशा जताया है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि महिला इस हालत में नहीं है कि कुछ बता सके। फिलहाल उसकी शिनाख्त भी नहीं हो पाई है। घटना स्थल बीआरसी खजनी परिसर में सीसीटीवी लगे होने से पुलिस फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावर को पकड़ लिया जाएगा।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के पैतृक गांव के पास घटी है। थाना, बीआरसी और रुद्रपुर गांव एक ही जगह पर हैं। इतनी नजदीकी के बावजूद हमलावर महिला को मरा समझकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस टीम युद्धस्तर पर महिला को इंसाफ दिलाने और हमलावरों को पकड़ने में जुटी हुई है। स्थानीय लोग भी इस सनसनीखेज वारदात से स्तब्ध हैं।