बसपा के जिलाध्यक्ष को सीबीआई ने दबोचा, जानिये किस मामले में हुई ये बड़ी कार्रवाई

हरदोई में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को कथित रिश्वतखोरी के मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के तहत लोन दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के बाद सीबीआई टीम ने छापा मारकर उन्हें हिरासत में लिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 March 2026, 1:01 PM IST

Lucknow: राजधानी के हरदोई में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को रिश्वतखोरी के आरोप में हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि कछौना कस्बे के रामनगर रेलवे गंज मोहल्ला निवासी सुरेश चौधरी कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) केंद्र संचालित करते हैं।

मंगलवार शाम वह कासिमपुर थाना क्षेत्र के मुसलमानाबाद सपहिया गांव में बसपा कार्यकर्ताओं के साथ एक संगठनात्मक बैठक कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से पहुंची सीबीआई की टीम ने अचानक मौके पर छापा मार और सुरेश चौधरी को वहीं से हिरासत में ले लिया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग यह समझ ही नहीं पाए कि आखिर अचानक क्या हुआ। सीबीआई टीम सुरेश चौधरी को तुरंत अपने साथ लेकर वहां से रवाना हो गई।

रेलवे गार्ड रूम में देर रात तक चली पूछताछ

सुरेश चौधरी को हिरासत में लेने के बाद सीबीआई की टीम उन्हें कछौना रेलवे स्टेशन के रेलवे गार्ड रूम में लेकर पहुंची। यहां शाम करीब 5:30 बजे से रात लगभग 12:15 बजे तक उनसे गहन पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान टीम ने उनके पास मौजूद कई दस्तावेजों की भी जांच की। कुछ महत्वपूर्ण कागजात को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

सीबीआई अधिकारी इस दौरान पूरे मामले से जुड़े पहलुओं की बारीकी से पड़ताल करते रहे। पूछताछ के दौरान उनसे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के तहत दिए जाने वाले लोन से जुड़े मामलों के बारे में भी सवाल किए गए।

सोनभद्र में डर और हड़कंप: बच्चा चोरी के शक में पकड़ी गई बुजुर्ग महिला, दो साथी फरार; जानें पूरा मामला

लोन दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप

जानकारी के अनुसार बघौली थाना क्षेत्र के अक्षरामऊ गांव निवासी सीमा नाम की युवती ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के तहत 5 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि सुरेश चौधरी ने लोन स्वीकृत कराने के नाम पर उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

युवती ने इस मामले की शिकायत सीबीआई से कर दी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पूरे मामले की जांच की और योजना बनाकर हरदोई पहुंची। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए सुरेश चौधरी को हिरासत में ले लिया। हालांकि सुरेश चौधरी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है।

ईरान इजरायल युद्ध के चलते गोरखपुर की दुल्हन का हाल बेहाल, इन हालातों में फंसा दुल्हा

फिलहाल सीबीआई इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या केवल इसी युवती से रिश्वत मांगी गई थी या फिर योजना के अन्य लाभार्थियों से भी इसी तरह वसूली की जा रही थी। देर रात सीबीआई की टीम सुरेश चौधरी को अपने साथ लखनऊ लेकर चली गई। इस घटना के बाद हरदोई जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Location : 
  • Hardoi

Published : 
  • 11 March 2026, 1:01 PM IST