हिंदी
रायबरेली के गोठिया गांव में युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर तनाव का माहौल
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। गांव के बाहर खेत में एक युवक का शव नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। सुबह जब ग्रामीणों ने यह मंजर देखा तो हर कोई दंग रह गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। मामला सलोन क्षेत्र के गोठिया गांव का बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सूरज पुत्र निवासी गोठिया गांव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे सूरज खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। सब कुछ सामान्य था, किसी तरह की परेशानी की बात सामने नहीं आई थी। लेकिन रात में किसी समय वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। परिवार को लगा कि वह घर में ही होगा, लेकिन सुबह जो खबर मिली उसने सबको झकझोर कर रख दिया।
कैसे हुआ खुलासा?
बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग रोज की तरह शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गांव के बाहर खड़े नीम के पेड़ पर पड़ी, जहां एक युवक का शव फंदे से लटक रहा था। पहले तो किसी को यकीन नहीं हुआ, लेकिन पास जाकर देखा तो पहचान सूरज के रूप में हुई। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिवार मौके पर पहुंचा तो रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही सलोन कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
गांव में क्या चर्चा?
गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, तो कुछ इसके पीछे किसी गहरी साजिश की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और हर किसी की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।