हिंदी
बदायूं में खेत की झोपड़ी में मिला 18 वर्षीय युवक का शव (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र के अथईया गांव में खेत की झोपड़ी के अंदर 18 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान गौतम सिंह (18) पुत्र जयपाल, निवासी रामपुर, जिला कासगंज के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने खेत में बनी झोपड़ी के अंदर युवक का शव देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिर शुरू हुआ EPFO पोर्टल, जानिए कब मिलेगी UPI-ATM से PF निकालने की सुविधा
परिजनों के अनुसार गौतम के माता-पिता का करीब सात से आठ वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने तीन भाई-बहनों के साथ अथईया गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। चार भाई-बहनों में गौतम दूसरे नंबर पर था। परिवार की देखभाल और पालन-पोषण ननिहाल पक्ष कर रहा था। बताया गया कि गौतम मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार की आर्थिक मदद करता था। वह रोजाना काम पर जाता था और शांत स्वभाव का था। उसकी अचानक मौत से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं।
मृतक के परिजनों का कहना है कि गौतम का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। उनका कहना है कि वह सामान्य जीवन जी रहा था और किसी तरह की परेशानी की जानकारी भी परिवार को नहीं थी। उझानी कोतवाली पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Badaun
Published : 3 July 2026, 1:16 PM IST