विंध्याचल के दुबरा पहाड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी हमला, दो युवक गंभीर रूप से घायल

मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र स्थित दुबरा पहाड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 July 2026, 6:32 PM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के दुबरा पहाड़ी इलाके में बुधवार को चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दोनों घायलों की हुई पहचान

घायलों की पहचान शुभम सिंह (26 वर्ष), पुत्र शिव कुमार सिंह और अनिल सिंह (30 वर्ष), पुत्र धर्मेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों दुबरा पहाड़ी, थाना विंध्याचल के निवासी हैं। हमले में शुभम सिंह के शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए गए। उन्हें गंभीर हालत में मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं अनिल सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित BHU ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

Mirzapur: मिर्जापुर में सराफा व्यापारी लूटकांड में बड़ा खुलासा, तीन गिरफ्तार; जानिये कैसे रची थी खौफनाक साजिश?

विवाद के बाद हुआ हमला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद दुबरा पहाड़ी इलाके में तनाव का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Location :  Mirzapur

Published :  2 July 2026, 6:32 PM IST