
सड़क सुरक्षा अभियान
Maharajganj: महराजगंज जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को व्यापक सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान में ARTO (सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी) की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी मौजूदगी में संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
बुधवार को प्रभारी यातायात पुलिस द्वारा अपनी टीम के साथ जनपद के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, निर्धारित गति सीमा का पालन, ओवरलोडिंग से बचाव तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं मानवीय लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें नियमों का पालन कर रोका जा सकता है।
नेपाल बार्डर पर महराजगंज पुल के नीचे बैग में मिला महिला का शव, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात प्रभारी, ARTO और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NH) के JE की संयुक्त टीम द्वारा जनपद के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान रमपुरवा, शिकारपुर, परतावल और कतरारी क्षेत्रों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों को इन स्थानों पर रम्बल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर और कैट आई लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे वाहन चालकों को समय रहते चेतावनी मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
कोहरे और धुंध के मौसम को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई। महराजगंज–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 पर सेमरा टोल प्लाजा के पास वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध ARTO और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
Location : Maharajganj
Published : 24 December 2025, 4:57 PM IST
Topics : ARTO Maharajganj NH road safety