मिर्जापुर नगर पालिका उपचुनाव में नितिन केसरवानी की जीत, कांटे की टक्कर में मारी बाजी

मिर्जापुर नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 36 बुन्देलखण्डी सदस्य पद के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नितिन केसरवानी ने जीत दर्ज की है। कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में भाजपा उम्मीदवार ने निर्दलीय प्रत्याशी रवि को 11 वोटों से हराया। परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 May 2026, 3:03 AM IST

Mirzapur : स्थानीय राजनीति में वार्ड संख्या 36 बुन्देलखण्डी सदस्य पद का उपचुनाव चर्चा का केंद्र बना रहा। मतगणना पूरी होने के बाद घोषित नतीजों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नितिन केसरवानी ने जीत दर्ज कर ली। कांटे के मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी को 709 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी रवि को 698 मत प्राप्त हुए। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार नागेंद्र तिवारी 636 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

कांटे की टक्कर में BJP को मिली जीत

इस उपचुनाव में मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। मतगणना के दौरान हर राउंड में वोटों का अंतर बदलता रहा, लेकिन अंतिम चरण में भाजपा प्रत्याशी नितिन केसरवानी ने 11 वोटों की बढ़त के साथ जीत अपने नाम कर ली। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार दाऊ दयाल को 216 वोट मिले, जबकि नोटा के पक्ष में 5 मत पड़े।

मतगणना में कुल 2315 वोटों की गिनती की गई। इनमें 51 मत निरस्त घोषित किए गए, जबकि कुल वैध मतों की संख्या 2264 रही।

Gorakhpur News: मिर्जापुर के पास चार किशोरों के डूबने से हड़कंप, एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

40 प्रतिशत से ज्यादा हुआ मतदान

इससे पहले मंगलवार को हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वार्ड में कुल 5651 मतदाता थे। जिनमें से 2315 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 40.97 दर्ज किया गया। इनमें 1318 पुरुष और 997 महिला मतदाता शामिल रहीं।

मतदान के लिए कुल सात बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या 232 स्थित बंदा बैरागी प्राथमिक पाठशाला धुंधी कटरा पर सबसे ज्यादा 561 वोट पड़े, जबकि बूथ संख्या 231 भारतीय शिशु मंदिर नारघाट पर सबसे कम 119 मतदाताओं ने मतदान किया।

कागजों में चमकता विकास, हकीकत में बदहाल पड़ा मिर्जापुर का ये गांव… आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे ग्रामीण

जीत के बाद BJP समर्थकों में जश्न

परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया। निर्वाचन अधिकारी ने विजयी प्रत्याशी नितिन केसरवानी को जीत का प्रमाण पत्र भी सौंपा। इस चुनाव को नव नियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के कार्यकाल का पहला चुनाव माना जा रहा था। प्रशासन की ओर से मतदान और मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Location :  Mirzapur

Published :  8 May 2026, 5:02 AM IST