सुलतानपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने किया कांग्रेस कार्यालय का घेराव, 11 छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग

सुलतानपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस जिला कार्यालय का घेराव कर जेएनयू के प्रोफेसर एवं सांसद बिमोल अकोइजम पर 11 छात्राओं की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। वंदना सिंह ने प्रियंका गांधी से उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 October 2026, 7:48 PM IST

Sultanpur News: महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने सोमवार को कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय मंत्री वंदना सिंह के नेतृत्व और जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रीति प्रकाश के संयोजन में महिला कार्यकर्ताओं ने तिकोनिया पार्क से कांग्रेस जिला कार्यालय तक प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यालय का घेराव कर धरना दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने जेएनयू के प्रोफेसर और लोकसभा सांसद बिमोल अकोइजम पर 11 छात्राओं की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा।

‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे पर प्रियंका गांधी से सवाल

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और मामले में छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग की। भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री वंदना सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के चर्चित नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा की बात करने वाली कांग्रेस इस प्रकरण पर चुप क्यों है?

उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। वंदना सिंह ने कहा कि छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोप गंभीर हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में आरोप साबित होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित सांसद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग

वंदना सिंह के मुताबिक, उपलब्ध खबरों में नौ अक्टूबर को जेएनयू प्रशासन की ओर से बिमोल अकोइजम को प्रोफेसर पद से बर्खास्त किए जाने और 11 अक्टूबर को मामले में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए, ताकि आरोपों की सच्चाई सामने आ सके और संबंधित छात्राओं को न्याय मिल सके।

एसआईआर पर विपक्ष के प्रदर्शन को भी घेरा

एसआईआर को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन के संबंध में पूछे गए सवाल पर वंदना सिंह ने विपक्ष को मुद्दाविहीन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बिना ठोस तथ्यों के प्रदर्शन कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है।

जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने बताया कि पार्टी नेतृत्व के आह्वान पर महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में कमला सिंह, उपमा शर्मा, विजय लक्ष्मी शुक्ल, जया सिंह, रागिनी सिंह, कंचन कोरी, रचना अग्रवाल, रीना जायसवाल, रेनू तिवारी, रेनू सिंह, अनीता त्रिपाठी, मंजू तिवारी, कोकिला तिवारी, रेखा बरनवाल, सविता श्रीवास्तव और सरला द्विवेदी समेत महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रही।

Location :  Sultanpur

Published :  12 October 2026, 7:48 PM IST