संसद में राहुल गांधी पर ऐसा क्या बोले निशिकांत दुबे, मच गया सियासी बवाल?

लोकसभा में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने का प्रस्ताव लाने और उनकी विदेश यात्राओं की एसआईटी जांच कराने की मांग की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 July 2026, 6:32 PM IST

New Delhi : संसद के मानसून सत्र के दौरान राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोलते हुए उनकी विदेश यात्राओं को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। निशिकांत दुबे ने दावा किया कि राहुल गांधी ने अपनी विदेश यात्राओं के दौरान कई बार भारत, सरकार और संविधान के खिलाफ बयान दिए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि बीजेपी राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने का प्रस्ताव लाने की कोशिश करेगी। इसके साथ ही उनकी विदेश यात्राओं की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की भी मांग उठाई गई है।

विदेश यात्राओं पर पारदर्शिता नहीं होने का लगाया आरोप

निशिकांत दुबे ने कहा कि साल 2004 से 2026 तक राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर कभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। उनके मुताबिक, जनता को यह जानने का अधिकार है कि विपक्ष के नेता किन उद्देश्यों से विदेश जाते हैं और वहां किस तरह की बातें रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपने कई विदेशी दौरों के दौरान भारत सरकार और भारतीय संविधान की आलोचना की। यह एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए उचित नहीं माना जा सकता।

Video: सादे कपड़ों में लाठियां भांजने वाले कौन थे? राहुल गांधी के इन तीखे सवालों से केंद्र सरकार के उड़े होश!

नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी पर भी उठाए सवाल

बीजेपी सांसद ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जब विदेश दौरे पर जाते हैं तो उनकी भूमिका केवल एक राजनीतिक नेता की नहीं होती, बल्कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व भी करते हैं। ऐसे में उन्हें देश की नीतियों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती से दुनिया के सामने रखना चाहिए। निशिकांत दुबे ने बताया कि राहुल गांधी ने ऐसा करने के बजाय कई मौकों पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान दिए।

एसआईटी जांच और पद से हटाने की मांग

निशिकांत दुबे ने कहा कि वह राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने का प्रस्ताव लाने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि राहुल गांधी की अब तक की विदेश यात्राओं की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाए ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। यह बयान ऐसे समय आया है जब संसद परिसर में विपक्षी सांसद छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांग रहे थे।

Location :  New Delhi

Published :  27 July 2026, 6:32 PM IST