महराजगंज: घर में बजना था DJ, लेकिन उठ गई अर्थी… जन्मदिन पर दिल दहला देने वाला हादसा

महराजगंज के चौक थाना क्षेत्र के नाथनगर गांव में जन्मदिन की तैयारी के दौरान 18 वर्षीय युवक की 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। डीजे का तार जोड़ते समय हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 April 2026, 12:15 AM IST

Maharajganj: नाथनगर गांव में रविवार की शाम खुशियों के बीच ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ। जिसने कुछ ही सेकेंड में पूरे घर का माहौल बदल दिया। जहां एक तरफ जन्मदिन की तैयारी चल रही थी। वहीं दूसरी तरफ मौत चुपचाप अपने कदम बढ़ा रही थी। डीजे बजाने की तैयारी, घर में उत्साह और जश्न का माहौल था लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह शाम परिवार के लिए जिंदगी भर का जख्म बन जाएगी। 18 साल का युवक जैसे ही डीजे का तार जोड़ने लगा। वह सीधे 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और सब कुछ पलभर में खत्म हो गया।

जन्मदिन की तैयारी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा

यह हृदयविदारक घटना महराजगंज जिले के चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नाथनगर की है। जानकारी के मुताबिक, 18 वर्षीय शनि पुत्र वीरेन्द्र अपने जन्मदिन के मौके पर घर में डीजे लगाने की तैयारी कर रहा था। परिवार में खुशी का माहौल था और शाम होते-होते जश्न की तैयारी तेज हो गई थी। इसी दौरान शनि डीजे का केबल जोड़ने में लगा हुआ था।

रील के चक्कर में जान से खिलवाड़! महराजगंज में स्टंटबाज ताऊ के खिलाफ बड़ा एक्शन, पुलिस ने ठोका इतने रुपये का जुर्माना

11 हजार वोल्ट की लाइन बनी मौत की वजह

बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे जब शनि डीजे का तार जोड़ रहा था, तभी अचानक उसका संपर्क पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से हो गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह जोरदार तरीके से जमीन पर गिर पड़ा। घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पल में खुशी का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट चुकी थी उम्मीद

घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण गंभीर हालत में शनि को लेकर जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचे। परिवार को उम्मीद थी कि शायद डॉक्टर उसकी जान बचा लेंगे, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में कोहराम मच गया।

फेमस होने की चाहत में बुजुर्ग ने किया खतरनाक स्टंट, महराजगंज में स्टंटबाजी का वीडियो वायरल

जन्मदिन का जश्न बना मातम

जिस घर में जन्मदिन का जश्न मनाने की तैयारी थी। उसी घर में कुछ ही देर बाद मातम पसर गया। शनि की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के मुताबिक, शनि बेहद मिलनसार और खुशमिजाज स्वभाव का था। उसकी असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

सोमवार को हुआ अंतिम संस्कार

परिजनों ने सोमवार को शनि का अंतिम संस्कार कर दिया। इस हादसे ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा और खुले तारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  6 April 2026, 11:59 PM IST