
सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह
लखनऊ: समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी की अटकलें लंबे समय से लगती आ रही है। अब इन दोनों को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह जल्द ही एक-दूजे के होने वाले हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की 8 जून को सगाई होगी और इसके बाद दोनों लखनऊ में शादी करेंगे और हमेशा के लिये एक-दूसरे के हो जाएंगे।
सपा सांसद और क्रिकेट खिलाड़ी की रिंग सेरेमनी लखनऊ के एक होटल में आयोजित होगी, जिसमें परिवार और करीबी रिश्तेदार शामिल होंगे।
क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज का रिश्ता इसी साल जनवरी में पक्का हुआ था। जनवरी में ही दोनों का रोका हो चुका है और अब दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
क्रिकेटर रिंकू सिंह सपा सांसद प्रिया सरोज से करेंगे सगाई
26 साल की प्रिया सरोज ने पिछले 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और धमाकेदार जीत दर्ज की थी। प्रिया ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी बीपी सरोज को 35,850 वोटों के अंतर से हराया था।
प्रिया सरोज मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली है, जहां उनका जन्म 23 नवंबर 1998 को हुआ था। उनकी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली स्थित एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से पढ़ाई पूरी हुई। फिर उन्होंने नोएडा में एमिटी विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रिया सरोज ने राजनीतिक पारी शुरू की और सपा की साइकिल पर सवार होकर लोकसभा पहुंची।
हालांकि, प्रिया सरोज को राजनीति विरासत में मिली। उनके पिता तूफानी सरोज भी तीन बार के सांसद रह चुके हैं। तूफानी सरोज फिलहाल केराकत सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक हैं।
प्रिया सरोज के साथ जल्द अपने जीवन का सफर शुरू करने जा रहे रिंकू सिंह भी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद के रहने वाले है।12 अक्टूबर 1997 को जन्मे रिंकू सिंह ने 18 अगस्त 2023 को आयरलैंड के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम के लिए ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और बेहद कम समय में विस्फोटक और प्रतिभाशाली क्रिकेटर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। वे टी20ई और आईपीएल मैचों में कई मौकों पर जबरदस्त प्रदर्शन करके कई दिलों को जीत चुके हैं।
रिंकू सिंह घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उन्होंने अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 स्तर पर उत्तर प्रदेश और अंडर-19 स्तर पर मध्य क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
9 अप्रैल 2023 की शाम को रिंकू सिंह ने जो किया है वो आईपीएल के इतिहास में लिखा जा चुका है। उन्होंने गुजरात के खिलाफ खेले गए मैच मे यश दयाल को 5 गेंदों मे लगातार 5 छक्के लगा कर कोलकाता को मैच जिताने में कामयाब हो सके।
Location : Lucknow
Published : 1 June 2025, 11:26 AM IST
Topics : cricketer Rinku Singh cricketer rinku singh news rinku singh engagement priya saroj Samajwadi Party SP MP Priya Saroj