मुजफ्फरनगर में ED की बड़ी कार्रवाई, राणा हाउस और शाह टाइम्स दफ्तर पर ताबड़तोड़ छापेमारी

मुजफ्फरनगर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राणा हाउस, शाह टाइम्स कार्यालय समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई फर्जी ITC, GST चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी बताई जा रही है। ED की टीमें दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 August 2026, 2:57 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। ED की टीमों ने मेरठ रोड स्थित चर्चित राणा हाउस और शाह टाइम्स कार्यालय समेत कई परिसरों को अपने घेरे में ले लिया। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।

सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई कार्रवाई

लखनऊ से पहुंची ED की टीमों ने सोमवार सुबह करीब 8 बजे मुजफ्फरनगर में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। टीम सबसे पहले मेरठ रोड स्थित राणा हाउस पहुंची, जहां अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। इसके बाद शाह टाइम्स के कार्यालय और अन्य जुड़े हुए परिसरों में भी छापेमारी की गई। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार मामला फर्जी इनवॉइस, GST चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

राणा हाउस और कारोबारी ठिकाने जांच के घेरे में

ED की कार्रवाई जिन जगहों पर चल रही है, उनमें राणा हाउस प्रमुख है। यह पूर्व सांसद कादिर राणा, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा और पूर्व विधायक शाहनवाज राणा का संयुक्त निवास बताया जाता है। इसके अलावा शाह टाइम्स कार्यालय और राणा परिवार से जुड़े अन्य संस्थानों पर भी जांच चल रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोहा कारोबारी संजय जैन के आवास पर भी ED की टीम पहुंची है। माना जा रहा है कि जांच के तार स्थानीय कारोबार और वित्तीय लेनदेन से जुड़े हो सकते हैं।

फर्जी ITC और शेल कंपनियों से जुड़ा मामला

सूत्रों के अनुसार ED की यह कार्रवाई फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और टैक्स चोरी से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी को आशंका है कि कुछ कंपनियों ने बिना वास्तविक माल की सप्लाई के फर्जी बिल तैयार कर करोड़ों रुपये के टैक्स लाभ का फायदा उठाया। इस मामले में ‘जंबूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इंपोर्ट्स लिमिटेड’ समेत कुछ अन्य कंपनियों की भूमिका की जांच की जा रही है। ED की टीमें सभी ठिकानों पर दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कागजात खंगाल रही हैं।

सुरक्षा के बीच चल रही जांच

छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ED अधिकारी करीब 12 गाड़ियों के काफिले में पहुंचे, जिन पर धार्मिक स्लोगन वाले स्टिकर लगे हुए थे। सभी परिसरों को चारों तरफ से घेर लिया गया है और जांच पूरी होने तक बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

पहले भी विवादों में रहा मामला

गौरतलब है कि पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और उनके परिवार से जुड़े लोगों पर पहले भी GST जांच के दौरान विवाद सामने आ चुके हैं। टैक्स चोरी से जुड़े मामलों की जांच लंबे समय से चल रही थी। अब ED की इस कार्रवाई के बाद मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  24 August 2026, 2:57 PM IST