देवरिया में बड़े साइबर अपराधियों गैंग का भंडाफोड़: ATM-SIM और पासबुक लेकर करते थे फ्रॉड, तीन आरोपी गिरफ्तार

देवरिया पुलिस ने डिजिटल करेंसी के अवैध कारोबार और लूट के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी साइबर फ्रॉड की रकम से डिजिटल करेंसी खरीदते थे और विवाद के दौरान पिस्टल दिखाकर रुपये, डिजिटल करेंसी और कार लूट ली थी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 August 2026, 9:27 PM IST

Deoria News: देवरिया में डिजिटल करेंसी के अवैध कारोबार और आपराधिक साजिश का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह के 3 आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है, जो डिजिटल करेंसी के नाम पर अवैध लेन-देन कर रहे थे। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया और डिजिटल करेंसी, नकदी और कार तक अपने कब्जे में ले ली थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।

डिजिटल करेंसी के नाम पर चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस ने बताया कि आरोपी डिजिटल करेंसी के अवैध कारोबार में शामिल थे। ये लोग लोगों को लालच देकर उनके ATM कार्ड, SIM कार्ड और पासबुक हासिल करते थे। इसके बाद इन खातों में साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम मंगवाई जाती थी और अपने साथियों की मदद से उस अवैध धनराशि से डिजिटल करेंसी की खरीद-फरोख्त की जाती थी। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए साइबर अपराध से जुड़ी रकम को डिजिटल करेंसी में बदलने का काम किया जा रहा था।

करेंसी ट्रांसफर को लेकर हुआ विवाद

मामला गौरीबाजार थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि 31 जुलाई और 1 अगस्त 2026 की रात डिजिटल करेंसी के पैसे ट्रांसफर कराने को लेकर समूह के लोगों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद इसराफिल अली, निखिल मणि, अरबुद्दीन अंसारी उर्फ गोलू, एक बाल अपचारी और उनके अन्य साथियों ने मिलकर आपराधिक साजिश रची। इसके बाद शुभम, पवन वर्मा और सैफ को जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ मारपीट की गई।

पिस्टल दिखाकर रुपये, डिजिटल करेंसी और कार ले ली

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने डराने-धमकाने के बाद पीड़ितों से 1 लाख 20 हजार रुपये नकद, करीब 3500 रुपये की डिजिटल करेंसी और बलेनो कार अपने कब्जे में ले ली थी। इस मामले में पीड़ितों की शिकायत के आधार पर गौरीबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

'Cy-Vajra' अभियान के तहत हुई कार्रवाई

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान 'Cy-Vajra' के तहत देवरिया पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र राय के पर्यवेक्षण में टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। गौरीबाजार थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 10 अगस्त 2026 को खरोह बॉर्डर के पास से तीन अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को पकड़ा। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और डिजिटल करेंसी के अवैध कारोबार की कड़ियों को खंगाल रही है।

Location :  Deoria

Published :  10 August 2026, 9:27 PM IST