गोरखपुर में पशु-तस्करी गिरोह पर बड़ा एक्शन, तीन शातिर अपराधियों पर लगा गैंगस्टर एक्ट

गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में पशु-तस्करी में लिप्त संगठित गिरोह के तीन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Gorakhpur: गोरखपुर में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस ने बड़ा दांव खेल दिया है। पशु-तस्करी जैसे गंभीर अपराध में लिप्त एक गिरोह पर शिकंजा कसते हुए थाना गगहा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। लंबे समय से सक्रिय इस गिरोह की वजह से इलाके में दहशत का माहौल था।

कौन हैं आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना बुद्धन थाना बड़हलगंज है। उसके साथ विनोद पाल निवासी उज्जरपार थाना गगहा और अजयानन्द उर्फ जयानन्द उर्फ खेसारी निवासी कोडारी थाना बड़हलगंज मिलकर पशु-तस्करी के संगठित नेटवर्क को संचालित करते थे। इनकी गतिविधियों से आसपास के क्षेत्रों में भय और आतंक का माहौल बना रहता था।

पहले से दर्ज हैं गंभीर मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया है कि गैंग लीडर बुद्धन के खिलाफ गौ-हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आयुध अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। विनोद पाल पर हत्या और पशु-तस्करी के मामले चल रहे हैं, जबकि अजयानन्द पर गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, बलवा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और पशु क्रूरता से जुड़े कई अभियोग पहले से दर्ज हैं।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि संगठित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई से न सिर्फ गिरोह की कमर टूटेगी, बल्कि क्षेत्र में कानून का डर भी कायम होगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस सख्त कदम से अपराध पर लगाम लगेगी और इलाके में शांति का माहौल बनेगा।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 20 February 2026, 6:44 PM IST

Advertisement
Advertisement