गोरखपुर में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ताल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपी अनुराग सिंह की करीब 6 करोड़ रुपये कीमत की संपत्ति जब्त कर ली। प्रशासन ने ‘Hotel Fly Inn-2’ को अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति मानते हुए कुर्क किया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

गोरखपुर में गैंगस्टर पर बड़ा एक्शन
Gorakhpur: गोरखपुर में संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गैंगस्टर की करोड़ों की संपत्ति जब्त कर ली। थाना रामगढ़ताल पुलिस ने गैंग बनाकर अनैतिक व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों से संपत्ति अर्जित करने वाले अभियुक्त अनुराग सिंह के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया। प्रशासन ने उसकी करीब 6 करोड़ रुपये कीमत की संपत्ति कुर्क कर ली, जिसमें ‘होटल फ्लाई इन-2’ भी शामिल है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अपराधियों को साफ संदेश गया है कि अवैध कमाई अब सुरक्षित नहीं है।
गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कुर्की
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश (वाद संख्या 181714/2024) के अनुपालन में थाना रामगढ़ताल में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के आधार पर संपत्ति कुर्क की गई। पुलिस ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए होटल को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया।
अपराध से अर्जित धन से बना था होटल
पुलिस जांच में सामने आया कि ‘होटल फ्लाई इन-2’ अपराध से अर्जित धन से तैयार किया गया था। अभियुक्त अनुराग सिंह, जो गीता वाटिका थाना शाहपुर का निवासी है, लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ चोरी, गैर इरादतन हत्या, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कई गंभीर मामलों में कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2021 से लेकर 2026 तक उसका आपराधिक इतिहास लगातार बढ़ता गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने उसे गैंगस्टर एक्ट के तहत चिन्हित किया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार (आईपीएस), थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक राम सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।