
गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी
Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेसवे एक बार फिर बड़े हादसे का गवाह बना। मूसाझाग थाना क्षेत्र में लुधियाना जा रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि बस के नीचे तीन दर्जन से अधिक यात्री दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सवारी से भरी डबल डेकर बस फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र से लुधियाना के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई।
➡️गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ फिर हुआ बड़ा हादसा
➡️टायर फटने से अनियंत्रित होकर डबल डेकर बस पलटी
➡️डबल डेकर बस पलटने से नीचे लगभग 20 से ज्यादा लोग दबे
➡️एक युवक की हादसे में मौत
➡️बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र का मामला@budaunpolice @Uppolice #GangaExpressway pic.twitter.com/wYh2ApUcxO
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 10, 2026
बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। प्रशासन ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजना शुरू कर दिया।
एक युवक की मौत की पुष्टि
हादसे में अब तक एक युवक की मौत की पुष्टि हुई है। मृतक की पहचान अनुज (24) पुत्र श्यामलाल निवासी छिवलहा (जिला फतेहपुर) के रूप में हुई है। प्रशासन का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बस पलटते ही अंदर बैठे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और कई यात्री बस के नीचे दब गए।
Location : Badaun
Published : 11 May 2026, 1:30 AM IST