बदायूं में बड़ा हादसा: बाइक सवार चाचा-भतीजी को पिकअप ने मारी टक्कर, दोनों की हालत नाजुक

बदायूं के बिल्सी-बदायूं मार्ग पर फ्यूचर लीडर्स स्कूल के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार टिंकू दिवाकर और उनकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बिल्सी सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 12:57 PM IST
बदायूं में बिल्सी-बदायूं रोड पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फ्यूचर लीडर्स स्कूल के पास हुआ, जहां टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

घर लौट रहे थे चाचा-भतीजी, रास्ते में हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, सराय सांवल निवासी टिंकू दिवाकर अपनी भतीजी के साथ बाइक से गोरामई से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिल्सी-बदायूं मार्ग पर फ्यूचर लीडर्स स्कूल के पास एक पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चाचा और उनकी भतीजी घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।

सभासद ने दिखाई तत्परता, पुलिस और एंबुलेंस को दी सूचना

हादसे के समय वहां से गुजर रहे बिल्सी नगर पालिका के सभासद शाहनवाज अल्वी की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर

बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। उधर, सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Location :  Budaun

Published :  25 October 2026, 12:57 PM IST