हिंदी
कुरानख्वानी के साथ शुरू हुआ आखिरी दिन (Source: Dynamite News)
Baraeilly: उर्स-ए-रजवी के आखिरी दिन बरेली में अकीदत का सैलाब उमड़ पड़ा। देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे जायरीन से इस्लामिया कॉलेज मैदान से लेकर दरगाह आला हजरत तक का इलाका खचाखच भरा नजर आया। प्रमुख रास्तों और गलियों में अकीदतमंदों की भीड़ रही। सुबह से कुरानख्वानी, नात-ओ-मनकबत और उलमा की तकरीरों का सिलसिला जारी रहा। अब सभी की निगाहें दोपहर 2:38 बजे होने वाले आला हजरत के कुल शरीफ पर टिकी हैं।
मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी के मुताबिक शनिवार सुबह छह बजे कुरानख्वानी के साथ उर्स के अंतिम दिन के कार्यक्रम शुरू हुए। सुबह आठ बजे से महफिल सजी, जिसमें देश-विदेश से आए सज्जादगान और उलमा ने खिताब किया। दोपहर 2:38 बजे आला हजरत के कुल शरीफ के साथ तीन दिवसीय उर्स का समापन होगा।
उर्स के दूसरे दिन शुक्रवार रात इस्लामिया कॉलेज मैदान में भव्य जलसा हुआ। दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान की सरपरस्ती और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की सदारत में कार्यक्रम की शुरुआत कुरान की तिलावत से हुई।
उत्तराखंड हाईकोर्ट की नई जगह को लेकर दूर हुआ भ्रम! गौलापार नहीं, यहां बनेगा नया परिसर
इसके बाद देश-विदेश से आए उलमा ने इस्लाम की शिक्षाओं, पैगंबर-ए-इस्लाम की तालीमात, मसलक-ए-आला हजरत और मुफ्ती आजम हिंद की जिंदगी पर रोशनी डाली। लोगों से धार्मिक शिक्षाओं के मुताबिक जीवन बिताने और अपने धार्मिक दायित्वों को पूरा करने की अपील की गई।
देर रात मुफ्ती आजम हिंद का कुल शरीफ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए। उलमा ने उनके फतवों और दीनी व सामाजिक सेवाओं का उल्लेख किया। इसके बाद सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने विशेष दुआ कराई। कार्यक्रम भोर तक चलता रहा।
जलसे में अहसान रजा खान ने आला हजरत और मुफ्ती आजम हिंद की दीनी और रूहानी खिदमत पर रोशनी डाली। मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी ने दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान का पैगाम पढ़कर सुनाया।
जलसे में मुफ्ती गुलफाम रामपुरी, मौलाना जिक्रुल्लाह, अल्लामा असलम टनकपुरी, मौलाना मुख्तार बहेड़वी, मौलाना सुल्तान रजा बैरायची, मौलाना सलीम रजा बदायूंनी, कारी सखावत मुरादाबादी, मुफ्ती सैयद कफील हाशमी और मौलाना जाहिद रजा समेत कई उलमा ने खिताब किया।
कुल शरीफ में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने अधिकारियों के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस्लामिया मैदान, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर चौकी, इस्लामिया मार्केट और पटेल चौक समेत प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने जायरीन, स्थानीय लोगों और दुकानदारों से भी बातचीत की। अब दोपहर 2:38 बजे होने वाले कुल शरीफ को लेकर प्रशासन की नजर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी हुई है।
Location : Kanpur
Published : 8 August 2026, 2:39 PM IST
Topics : Accident News Kanpur News UP News