हिंदी
Haldwani: उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए परिसर की जगह को लेकर पिछले कुछ समय से बना असमंजस अब खत्म हो गया है। राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि हाईकोर्ट का नया परिसर गौलापार में नहीं बनेगा। इसके लिए रामपुर रोड पर बेल बाबा मंदिर के सामने लामाचौड़ के भाखड़ा रेंज क्षेत्र को चुना गया है। सरकार की ओर से संशोधित प्रेस नोट जारी कर नए परिसर की प्रस्तावित जगह की जानकारी दी गई है।
न्याय विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक वर्ष 2023 में राज्य मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से स्थायी रूप से हल्द्वानी स्थानांतरित करने का फैसला लिया था। इसके बाद नए परिसर के निर्माण के लिए जमीन की तलाश और प्रक्रिया शुरू की गई।
शुरुआत में हाईकोर्ट परिसर के लिए 26.08 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई थी। हालांकि, हाईकोर्ट की भविष्य की जरूरतों और प्रस्तावित सुविधाओं को देखते हुए बाद में भूमि का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी नैनीताल के निरीक्षण के बाद परियोजना के लिए कुल 73 हेक्टेयर वन भूमि का प्रस्ताव तैयार किया गया। इसमें से 40 हेक्टेयर भूमि हाईकोर्ट परिसर के निर्माण के लिए हस्तांतरित करने की सरकार ने मंजूरी दे दी है।
सरकार के इस फैसले के बाद अब नए परिसर के निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।
दरअसल, हाल ही में जारी एक सरकारी प्रेस विज्ञप्ति में गौलापार का नाम सामने आया था। इसके बाद हाईकोर्ट के नए परिसर की वास्तविक जगह को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई थी। लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई थी कि हाईकोर्ट का नया परिसर गौलापार में बनाया जाएगा।
10 अगस्त को तिरंगे के रंग में रंगेगा गोरखपुर! इन रास्तों से गुजरेगी भव्य हर घर तिरंगा यात्रा
मामला स्पष्ट करने के लिए न्याय विभाग ने संशोधित प्रेस नोट जारी किया और बताया कि प्रस्तावित परिसर लामाचौड़ के भाखड़ा रेंज क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।
प्रस्तावित नए परिसर में मुख्य न्यायालय भवन के साथ न्यायाधीशों के आवास, अधिवक्ताओं के चैंबर, प्रशासनिक भवन, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सरकार का कहना है कि नए परिसर के निर्माण से हाईकोर्ट को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए न्यायिक ढांचे को भी मजबूत किया जा सकेगा।
अब नए परिसर की जगह को लेकर स्थिति साफ होने के बाद परियोजना से जुड़ी आगामी प्रक्रियाओं पर नजर रहेगी।
Location : Haldwani
Published : 8 August 2026, 2:22 PM IST
Topics : Haldwani News High Court Uttarakhand News