
निलंबित PCS अलंकार ने मंडलायुक्त के सामने खोला मोर्चा (Img: Dynamite News)
Bareilly: बरेली में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री सोमवार को मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभागीय जांच के दौरान अपना पक्ष रखा। सुनवाई पूरी होने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आरोप पत्र का विस्तृत जवाब वह पहले ही लिखित रूप में दे चुके हैं और वही उनका आधिकारिक पक्ष है। अब उन्हें शासन के फैसले का इंतजार है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया तो वह न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि उन्होंने 26 जनवरी को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके अनुसार, इसके बाद सरकार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन करने के आरोप में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पूरे मामले की विभागीय जांच शासन की ओर से मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी को सौंपी गई है। इसी क्रम में सोमवार को उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था। जांच अधिकारी के सामने उन्होंने अपना जवाब प्रस्तुत किया और कहा कि अब आगे का निर्णय शासन को लेना है।
यूपी वालों ध्यान दें! कल इन 55 जिलों पर मंडरा रहा बारिश और बिजली गिरने का खतरा, IMD का बड़ा अपडेट
मीडिया से बातचीत में अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने जो फैसला लिया था, उस पर आज भी पूरी तरह कायम हैं। उनका कहना है कि अगर शासन उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं करता, तो वह कानूनी प्रक्रिया अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की तरह उन्हें भी न्याय पाने का अधिकार है और जरूरत पड़ने पर वह हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे।
अलंकार अग्निहोत्री ने यह भी बताया कि सरकारी सेवा से अलग होने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा पार्टी का गठन किया है। उनका कहना है कि अब वह सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में सुधार और आम लोगों की आवाज को मजबूत करने के उद्देश्य से आगे राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सक्रिय रहेंगे।
राम मंदिर ट्रस्ट में चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा, इनको मिली जिम्मेदारी
मीडिया से बातचीत के दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े मामलों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा था कि मंदिर निर्माण से संबंधित कार्यों में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि ये आरोप अलंकार अग्निहोत्री के व्यक्तिगत दावे हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Location : Bareilly
Published : 6 July 2026, 8:16 PM IST