हिंदी
परिजनों में मचा कोहराम (Img: Dynamite News)
Bareilly: यूपी के बरेली जिले के आंवला-अलीगंज मार्ग पर एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का शव सड़क किनारे खाई में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शाहजहांपुर के पुवायां निवासी कौशल वर्मा के रूप में हुई है, जो एक कंपनी में एमआर के पद पर कार्यरत थे और आंवला में किराए पर रहते थे। उनकी बाइक भी घटनास्थल पर खाई में मिली।जिस पर बड़ी मात्रा में दवाइयां लदी थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
यह घटना थाना विशारतगंज क्षेत्र के आंवला-अलीगंज मार्ग पर दूध फैक्ट्री के पास की है। राहगीरों ने सड़क किनारे खाई में एक युवक का शव और उसके पास मोटरसाइकिल पड़ी देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान शाहजहांपुर के पुवायां निवासी कौशल वर्मा के रूप में की। एक कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) थे और नौकरी के सिलसिले में आंवला में किराए पर रह रहे थे।
मृतक के भाई आकाश वर्मा के अनुसार कौशल बुधवार रात से घर नहीं लौटे थे। काफी तलाश के बाद सुबह पुलिस को सूचना दी गई। इसी बीच सड़क किनारे खाई में शव मिलने की खबर सामने आई। सूचना मिलते ही सीओ आंवला नितिन कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
Bareilly News: नाश्ता लेकर लौट रहे थे मासूम चचेरे भाई-बहन, रास्ते में काल बनकर गिरी जर्जर दीवार
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मौके की बारीकी से जांच की। पुलिस के अनुसार कौशल दवाइयों की सप्लाई देने के लिए अलीगंज जा रहे थे। उनकी बाइक पर कई किलो से अधिक दवाइयां लदी हुई थीं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लगातार बारिश और अधिक वजन के कारण बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जिससे यह हादसा हुआ।
सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि 2 जुलाई को सूचना मिली थी कि आंवला-अलीगंज मार्ग पर सड़क किनारे खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रथम दृष्टया घटनास्थल की परिस्थितियों से यह सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत होता है, लेकिन मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और पुलिस नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Location : Bareilly
Published : 3 July 2026, 6:51 PM IST