Bareilly LPG Connection: 57 कॉलोनियों के 1,200 घरों में बंद होगी LPG, PNG नहीं लिया तो कटेगा कनेक्शन

बरेली की 57 कॉलोनियों में करीब 1,200 एलपीजी कनेक्शन बंद किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन इलाकों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद कनेक्शन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई हो रही है। छह कॉलोनियों में 413 कनेक्शन बंद किए जा चुके हैं। PNG 3.0 अभियान 31 मार्च तक चलेगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 October 2026, 2:55 PM IST

Bareilly: बरेली शहर के 57 कॉलोनियों में रहने वाले करीब 1,200 परिवारों के लिए जरूरी खबर है। इन इलाकों में अब एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिन घरों में पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस यानी पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन उपभोक्ताओं ने अब तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया है, उनके एलपीजी कनेक्शन चरणबद्ध तरीके से बंद किए जा रहे हैं।

57 कॉलोनियों में होगी कार्रवाई

शासन के निर्देश के बाद बरेली में पीएनजी सुविधा वाले इलाकों में एलपीजी कनेक्शन बंद करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। चिह्नित 57 कॉलोनियों में करीब 1,200 एलपीजी कनेक्शन बंद किए जाने हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह के अनुसार, उपभोक्ताओं को पहले ही पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए 90 दिन का समय दिया गया था। इसके बावजूद जिन लोगों ने पीएनजी नहीं अपनाई, अब उनके एलपीजी कनेक्शन बंद किए जा रहे हैं।

छह कॉलोनियों में शुरू हुई कार्रवाई

सीयूजीएल के वरिष्ठ प्रबंधक जितेंद्र गौतम ने बताया कि पहले चरण में छह कॉलोनियों में कार्रवाई की गई है। इन इलाकों में अब तक 413 एलपीजी कनेक्शन बंद किए जा चुके हैं।

बाकी चिह्नित कॉलोनियों में रहने वाले उपभोक्ताओं को अंतिम चेतावनी दी जा रही है। विभाग का कहना है कि नोटिस और तय समय मिलने के बाद भी पीएनजी कनेक्शन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं पर चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

शोक जताने जा रहे परिवार पर टूटा काल का कहर: हाथरस में ऑटो की टक्कर से बुजुर्ग पूरन सिंह की मौत, 22 दिन की नातिन घायल

तीन विभागों की संयुक्त टीम कर रही कार्रवाई

एलपीजी कनेक्शन बंद करने की प्रक्रिया के लिए जिला पूर्ति विभाग, सीयूजीएल और एलपीजी कंपनियों के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम बनाई गई है। यह टीम प्रत्येक मंगलवार को बैठक कर कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा करती है।

पीएनजी सुविधा वाले क्षेत्रों में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक कनेक्शन नहीं लिया है, उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा जा रहा है।

Yamuna Action Plan: नोएडा की कितनी अवैध कॉलोनियां बाढ़ क्षेत्र में? सुप्रीम कोर्ट के सवाल से बढ़ी चिंता

31 मार्च तक PNG 3.0 अभियान

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सीयूजीएल ने PNG 3.0 अभियान शुरू किया है। यह अभियान 31 मार्च तक चलेगा। इसके तहत नए पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया जा सकता है।

जिन उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन बंद किए जा रहे हैं, उन्हें पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए कहा गया है। सीयूजीएल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

ऐसे में 57 चिह्नित कॉलोनियों के उपभोक्ताओं के लिए यह जरूरी है कि वे नोटिस और विभागीय निर्देशों के अनुसार समय रहते पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर लें।

Location :  Bareilly

Published :  5 October 2026, 2:55 PM IST