दिल्ली अग्निकांड के बाद जागा बरेली प्रशासन, सहारा अस्पताल का OT और NICU वार्ड सील

दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद बरेली प्रशासन ने बेसमेंट में चल रहे अवैध अस्पतालों पर शिकंजा कस दिया है। सोमवार को डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी में पीलीभीत बाइपास के केजीएन सहारा अस्पताल का ओटी और एनआईसीयू सील कर दिया गया, जबकि अमन नर्सिंग होम को नोटिस जारी कर बेसमेंट खाली करने का निर्देश दिया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 June 2026, 4:43 PM IST

Bareilly : राजधानी दिल्ली में होटल अग्निकांड के बाद बरेली में भी अस्पतालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बेसमेंट में संचालित हो रही अनियमित गतिविधियों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शहर के पीलीभीत बाइपास स्थित केजीएन सहारा अस्पताल में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ऑपरेशन थियेटर (ओटी) और एनआईसीयू वार्ड को सील कर दिया, जबकि शाहजहांपुर रोड स्थित अमन नर्सिंग होम को नोटिस जारी कर बेसमेंट में संचालित गतिविधियां तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

खबर सामने आई, शासन ने लिया संज्ञान

हाल ही में एक प्रमुख समाचार पत्र की पड़ताल में शहर के कई अस्पतालों और होटलों के बेसमेंट में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई थीं। जांच में सामने आया था कि जहां बेसमेंट का उपयोग पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था के लिए होना चाहिए, वहां मरीजों का इलाज, ऑपरेशन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कई स्थानों पर फायर सेफ्टी मानकों, आपातकालीन निकास मार्ग और अग्निशमन उपकरणों में भी गंभीर कमियां मिली थीं।

शासन की सख्ती के बाद पहुंची जांच टीम

मामले का संज्ञान लेते हुए शासन ने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सोमवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के कई अस्पतालों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान केजीएन सहारा अस्पताल के बेसमेंट में संचालित ओटी और एनआईसीयू वार्ड नियमों के विपरीत पाए गए, जिसके बाद दोनों इकाइयों को सील कर दिया गया। वहीं, अमन नर्सिंग होम में भी बेसमेंट में गतिविधियों के संचालन पर आपत्ति जताते हुए नोटिस जारी किया गया और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Bareilly : माधोबाड़ी में पुलिस की बड़ी रेड, दो हवाला तस्कर दबोचे; 3 आरोपी फरार

शहर के 100 से अधिक अस्पताल जांच के दायरे में

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार डीडीपुरम, राजेंद्रनगर, स्टेडियम रोड, रामपुर गार्डन, पीलीभीत बाइपास समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 100 से अधिक निजी अस्पतालों में बेसमेंट का उपयोग अलग-अलग गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। इससे किसी भी आपात स्थिति में मरीजों और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

अब लगातार चलेगा अभियान

अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य अस्पतालों, नर्सिंग होम और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी। जहां भी फायर सेफ्टी, भवन मानकों या स्वास्थ्य विभाग के नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शासन के तेवर सख्त

लंबे समय से बेसमेंट में चल रही गतिविधियों पर जिम्मेदार विभागों की नजर नहीं पड़ रही थी, लेकिन शासन की सख्ती के बाद अब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सक्रिय हो गया है। कार्रवाई शुरू होते ही अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है और कई संस्थान अपने दस्तावेज व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए हैं।

Location :  Bareilly

Published :  9 June 2026, 4:43 PM IST