Bareilly Murder Case: बिस्तर पर खून से लथपथ मिला दिव्यांग का शव, दो बीघा जमीन के विवाद में छोटे भाई पर आरोप

बरेली के कुरतरा गांव में 45 वर्षीय दिव्यांग दीपचंद्र सक्सेना की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने दो बीघा जमीन के विवाद में छोटे भाई पर आरोप लगाया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 21 October 2026, 3:42 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में 45 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति की चाकू से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के कुरतरा गांव में मंगलवार रात हुई इस वारदात का पता बुधवार सुबह चला, जब परिजन चाय लेकर कमरे में पहुंचे। मृतक की पहचान दीपचंद्र सक्सेना के रूप में हुई है। परिजनों ने दो बीघा जमीन के विवाद में उनके छोटे भाई सतीश पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सतीश समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सुबह चाय लेकर पहुंचीं भाभी, बिस्तर पर मिला शव

बुधवार सुबह काफी देर तक दीपचंद्र के नहीं उठने पर उनके छोटे भाई सुधीर की पत्नी पूजा चाय लेकर कमरे में पहुंचीं। उन्होंने दीपचंद्र को कई बार आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने उन्हें हिलाकर जगाने की कोशिश की तो वह बिस्तर पर बेसुध पड़े मिले।

दीपचंद्र की हालत देखकर पूजा की चीख निकल गई। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई।

दो बीघा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीन के विवाद की बात सामने आई है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार के मुताबिक, दीपचंद्र ने गिरवी रखी दो बीघा कृषि भूमि को छुड़ाया था। इसके बाद वह खुद जमीन पर खेती कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर उनके छोटे भाई सतीश के साथ विवाद चल रहा था। सतीश जमीन में अपना हिस्सा मांग रहा था।

परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते दीपचंद्र की हत्या की गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

डेढ़ साल पहले भी हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर पहले भी कहासुनी और मारपीट हो चुकी थी। करीब डेढ़ साल पहले भी मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस अब पुराने विवाद और मौजूदा घटना के बीच संबंध की जांच कर रही है।

दिल्ली की हवा हर साल क्यों बनती है जानलेवा? AQI 227 पहुंचा, सवाल- आखिर स्थायी समाधान कब?

घटनास्थल से शराब के पौआ और डंडा बरामद

सूचना मिलने पर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से शराब के छह पौआ और एक डंडा मिला है, जिनमें दो पौआ खाली थे। इन वस्तुओं का वारदात से कोई संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

छोटे भाई समेत चार लोग हिरासत में

पुलिस ने सतीश और उसके बताए तीन अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ मीरगंज अजय कुमार के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Bareilly

Published :  21 October 2026, 3:42 PM IST

Advertisement