
बूथ-बूथ पर होगी वोटों की जांच (Image Source: Dynamite News)
Bareilly: मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट काटे जाने की शिकायतों के बीच कांग्रेस ने बरेली में 'वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल अभियान' को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बरेली जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
इसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा प्रत्येक वोट का हिसाब रखने का लक्ष्य दिया गया। कार्यशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक तरुण त्यागी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक संजय कपूर मुख्य रूप से शामिल हुए।
कार्यशाला में प्रोफेसर यशपाल सिंह ने बूथ प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और सत्ता में वापसी के लिए यह सही समय है। ऐसे में संगठन और कार्यकर्ताओं को कोई चूक नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी को सफलता का आधार बताया।
प्रयागराज में महिला आयोग की बड़ी कार्रवाई, POCSO और अपहरण के मामले में FIR के निर्देश
AICC पर्यवेक्षक तरुण त्यागी ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह वोट काटे जाने और मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं, वह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जागरूक होकर जनता के मताधिकार की रक्षा करनी होगी। चुनाव आयोग और सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
तरुण त्यागी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने बूथ पर जाकर एक-एक वोट का हिसाब रखें। किस मतदाता का नाम काटा गया है, किसका नहीं और किसी का नाम हटाए जाने के पीछे क्या कारण है, इसकी पूरी जानकारी जुटाई जाए।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक संजय कपूर ने कहा कि उन्होंने स्वयं रामपुर जिले की बिलासपुर विधानसभा में ऐसे कई मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटे हुए देखे हैं, जिनके वोट कटने को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी सतर्कता के साथ मतदाता सूची का सत्यापन करने की अपील की।
संजय कपूर ने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि जनता अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक वैध मतदाता का वोट सुरक्षित रहे।
वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने संगठन की आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी प्रत्येक ब्लॉक में तीन से पांच न्याय पंचायतों पर सम्मेलन आयोजित करेगी। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों को लक्ष्य देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा से हर मुद्दे पर पाई-पाई का हिसाब लिया जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ अभियान में जुटने की अपील की।
प्रयागराज में महिला आयोग की बड़ी कार्रवाई, POCSO और अपहरण के मामले में FIR के निर्देश
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि शहर क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष अपने-अपने इलाकों के बूथों पर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। यदि किसी वैध मतदाता का नाम सूची से काटा गया है तो उसके कारणों की जानकारी जुटाई जाएगी और नाम दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा।
दिनेश दद्दा ने कहा कि सवाल यह नहीं है कि कोई व्यक्ति किस राजनीतिक दल को वोट देता है, बल्कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे। लोकतंत्र में हर नागरिक को अपने मताधिकार का समान अधिकार मिलना चाहिए।
कार्यशाला का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल, संगठन प्रभारी जुनैद हसन एडवोकेट, जिला सचिव डॉक्टर मुदित प्रताप सिंह, पीलीभीत की कोऑर्डिनेटर राफिया शबनम, कृष्णकांत शर्मा, डॉक्टर मेहंदी हसन, अनिल देव शर्मा, तबरेज खान, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, प्रवीण मिश्रा, मनोज शर्मा, पूनम दीप, एडवोकेट, रमेश श्रीवास्तव, तबस्सुम, जोया खान, गुड्डू खान, फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक अध्यक्ष डॉक्टर मुदित प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष रिंकू वाल्मीकि, डॉक्टर दतराम, मुकेश वाल्मीकि, आसिफ खान, पाकीजा खान, रऊफ खान, अनुराग राठौर, राजाराम साहू, उल्फत सिंह, सुरेश दिवाकर, आबिद खान, रिहान अंसारी, रामपाल माली एवं छेड़ालाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Bareilly
Published : 19 November 2026, 10:54 PM IST
Topics : bareilly news Congress News Uttar Pradesh Congress Vote Bachao Campaign Voter List Verification