
आंवला में कोहराम (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला तहसील क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।परचून की दुकान से नाश्ते का सामान लेकर लौट रहे दो मासूम चचेरे भाई-बहन अचानक जर्जर दीवार गिरने से मलबे में दब गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।
यह हृदयविदारक घटना बरेली की तहसील आंवला के थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम कैनी इंचारौ झूनानगर में गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे हुई। अंशु और कृष्का, जो चचेरे भाई-बहन थे। सुबह परचून की दुकान से नाश्ते का सामान लेकर घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में खड़ी एक पक्की लेकिन जर्जर दीवार अचानक भरभराकर दोनों बच्चों के ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से दोनों मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में आंवला तहसीलदार वृजेश कुमार वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि लेखपाल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक राजस्व संबंधी कार्रवाई शुरू कर दी।
Bareilly: रामगंगा घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी
इस घटना के बाद प्रशासन ने मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों मासूमों के पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही वे अपने गांव के लिए रवाना हो गए हैं।अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी गहरे शोक में डूबे हुए हैं। दो मासूम जिंदगियों के इस दर्दनाक अंत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Location : Bareilly
Published : 2 July 2026, 4:00 PM IST
Topics : Aonla Wall Collapse Accident bareilly UP News