DJ की धुन पर नाच रहे लड़कों ने उजाड़ दिया मां का सुहाग, बाराबंकी में युवक की हत्या से कोहराम

बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र के मीरपुर मुजरा टाइकला गांव में बिजली विभाग के 21 वर्षीय संविदाकर्मी दुर्गेश की पीट-पीटकर संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि लाइन ठीक करने जाते समय डीजे पर नाच रहे लोगों से रास्ता मांगने पर विवाद हुआ, जिसके बाद दबंगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 June 2026, 3:34 PM IST

Barabanki : उत्तर प्रदेश बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। मीरपुर मुजरा टाइकला गांव के पास मंगलवार रात बिजली विभाग में काम कर रहे एक युवा संविदाकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके चलते उसकी जान चली गई।

ड्यूटी के दौरान निकला था घर से

जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय दुर्गेश बिजली विभाग में संविदा टेक्नीशियन के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि रात में बिजली लाइन से जुड़ी समस्या की सूचना मिलने पर वह श्रमिकों को बुलाने के लिए निकला था। परिवार के मुताबिक, घर से कुछ दूरी पहले ही उसका सामना सड़क पर डीजे की धुन पर नाच रहे लोगों से हुआ।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दुर्गेश ने रास्ता खाली करने का अनुरोध किया ताकि वह आगे बढ़ सके। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

Barabanki News: एक बाइक, एक ट्रैक्टर-ट्राली और फिर जो हुआ… पूरा परिवार उजड़ गया

हमले के बाद अस्पताल पहुंचा, नहीं बच सकी जान

परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने दुर्गेश पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि हमले में ईंट और अन्य भारी वस्तुओं का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में मामले को हादसा साबित करने की कोशिश की गई।

कई लोगों पर हत्या का आरोप

परिवार ने गांव के कुछ लोगों को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही स्थानीय प्रधान प्रतिनिधि की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का दावा है कि घटना की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई और रात में अस्पताल प्रशासन ने ही मृतक के मोबाइल से संपर्क कर जानकारी दी।

पुलिस जांच में जुटी

दुर्गेश परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और अविवाहित था। उसकी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। उधर, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  barabanki

Published :  10 June 2026, 3:34 PM IST