हिंदी
बांदा में गांजे के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
Banda: पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में नशा मुक्त अभियान 'ऑपरेशन ईगल' के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने 2.8 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1,520 रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कृषि विश्वविद्यालय के पास कनवारा मोड़ से रिंकू पुत्र सुरेश निवासी मुचियाना मोहल्ला, थाना कोतवाली नगर तथा सलमान पुत्र अमिया निवासी मुरवा हुसैनपुर, थाना गिरवां को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में दोनों के पास से कुल 2 किलो 800 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त रिंकू पर एनडीपीएस एक्ट, चोरी, रेलवे अधिनियम और अन्य धाराओं में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं सलमान उर्फ लाला के विरुद्ध भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी कृषि विश्वविद्यालय दीपक कुमार सैनी, चौकी प्रभारी संकट मोचन आकांक्षा पटेल तथा पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
Location : Banda
Published : 3 August 2026, 2:36 AM IST