बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: टैंकर की टक्कर से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, बोलेरो सवार आए चपेट में

बलरामपुर में बौद्ध परिपथ पर बुधवार को तेज रफ्तार टैंकर और कार की जोरदार भिड़ंत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कार से मां को डायलिसिस के लिए लखनऊ ले जा रहे बेटे की भी हादसे में जान चली गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 30 September 2026, 11:30 AM IST

Balrampur: नगर कोतवाली क्षेत्र के बौद्ध परिपथ पर मेवालाल पुलिस चौकी सीमा में बाला जी गैस एजेंसी के निकट बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार टैंकर और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में कार सवार मां-बेटे ने दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

बताया जा रहा है कि यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और इलाके में चीख-पुकार मच गई।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से संतकबीरनगर जनपद के मौली (मोती) थाना क्षेत्र स्थित लोहिया भार निवासी श्याम नारायण (45 वर्ष), पुत्र राजमन, स्थानीय तुलसीपुर चीनी मिल में कार्यरत थे। वह अपनी मां कैलाशी देवी (60 वर्ष) को नियमित डायलिसिस के लिए कार से लखनऊ स्थित ले जा रहे थे। वाहन में उनकी पत्नी वंदना चौधरी (42 वर्ष) भी साथ थीं।

ये भी पढ़ें- कोल्हुई में हादसे से मचा हड़कंप: नहर में गिरा 17 वर्षीय किशोर; NDRF टीम बुलाने की तैयारी

जैसे ही उनकी स्विफ्ट डिजायर कार बौद्ध परिपथ स्थित गैस एजेंसी के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे टैंकर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।

बोलेरो से टकराया टैंकर

​कार को जोरदार टक्कर मारने के उपरांत बेकाबू टैंकर सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो से जा टकराया। उस वक्त बोलेरो में सिद्धार्थनगर जिले के निवासी मौजूद थे, जिन्होंने दूर से ही खतरे को भांपते हुए अपनी गाड़ी किनारे रोक ली थी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। घटना को अंजाम देने के पश्चात चालक टैंकर छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया।

घायल पत्नी को भेजा गया बहराइच मेडिकल कॉलेज

​हादसे की सूचना मिलते ही मेवालाल चौकी के पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और वाहन में बुरी तरह फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला मेमोरियल चिकित्सालय भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने श्याम नारायण को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी मां कैलाशी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से चोटिल वंदना चौधरी की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

ये भी पढ़ें- Divya Mittal Husband: गगनदीप सिंह ढिल्लों कौन हैं? IIT Delhi से पढ़ाई, अब करते हैं ये काम

क्रेन की मदद से हटाई गई गाड़ी

​मृतक के भतीजे बृजेश पटेल ने बताया कि वे सभी लोग मां के इलाज के सिलसिले में लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में यह दुखद दुर्घटना हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ियों को मार्ग से हटवाकर यातायात सुचारू रूप से बहाल कराया और शवों का पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से चीनी मिल कर्मियों और मृतक के गृह जनपद में गहरा शोक छाया हुआ है।

Location :  Balrampur

Published :  30 September 2026, 11:30 AM IST