20 फीट गहरी सुरंग में फंसी थीं सांसें! पुलिस ने जान जोखिम में डालकर किया ऐसा रेस्क्यू कि लौट आई जिंदगी

बलरामपुर के सादुल्ला नगर में 20 फीट गहरी सुरंग में फंसे युवक को पुलिस ने साहसिक रेस्क्यू कर बचा लिया। हेड कांस्टेबल अमजद खान सुरंग में उतरे और युवक को बाहर निकाला। मौके पर सीपीआर देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 19 July 2026, 9:44 AM IST

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार रात ऐसा रेस्क्यू ऑपरेशन देखने को मिला, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। मिट्टी के जर्जर मकान के भीतर करीब 20 फीट गहरी सुरंग में फंसे एक युवक की सांसें थमने लगी थीं। ऊपर मलबा कभी भी गिर सकता था और नीचे जिंदगी मौत से जूझ रही थी। ऐसे में पुलिस टीम ने अपनी जान की परवाह किए बिना सुरंग में उतरकर युवक को बाहर निकाला। इतना ही नहीं, मौके पर ही सीपीआर देकर उसकी थमती सांसों को फिर से चलाने में भी सफलता हासिल की।

जंगली जानवर की बनाई सुरंग बनी मौत का जाल

घटना थाना सादुल्ला नगर क्षेत्र के ग्राम नेवादा की है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय रामविलास अपने पुराने मिट्टी के मकान के अंदर मौजूद एक संकरी सुरंगनुमा गड्ढे में अचानक गिर गए। बताया जा रहा है कि यह करीब 15 से 20 फीट गहरी सुरंग किसी जंगली जानवर द्वारा बनाई गई थी। मकान जर्जर होने के कारण हर पल मलबा गिरने का खतरा बना हुआ था।

सुरंग से आई हल्की आवाज, फिर शुरू हुआ मौत से मुकाबला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के निर्देशन में थाना सादुल्ला नगर की टीम मौके पर पहुंची।

जब पुलिस ने सुरंग के मुहाने से आवाज लगाई तो अंदर से बेहद धीमी आवाज सुनाई दी। इससे साफ हो गया कि युवक अभी जिंदा है, लेकिन हर गुजरता पल उसकी जिंदगी पर भारी पड़ सकता था।

हेड कांस्टेबल ने दिखाई बहादुरी

समय गंवाए बिना हेड कांस्टेबल अमजद खान ने अपनी जान जोखिम में डालकर संकरी सुरंग में प्रवेश किया। उन्होंने सावधानी से मिट्टी और मलबा हटाया और काफी मशक्कत के बाद रामविलास को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

नकल का वीडियो बनाना छात्र को पड़ा भारी! UP Board ने रिजल्ट किया रद्द, स्कूल 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट

CPR देकर बचाई जान

बाहर निकालने के समय युवक बेसुध था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। पुलिस टीम ने बिना देर किए उसे खुली हवा में लिटाकर सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) दिया। कुछ ही देर बाद उसकी सांसें सामान्य होने लगीं। इसके बाद एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्ला नगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर किए गए रेस्क्यू और सीपीआर की वजह से युवक की जान बच सकी और अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।

ग्रेटर नोएडा में स्पा सेंटरों के नाम पर चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने 28 लड़कियों को बचाया

रेस्क्यू टीम की हो रही सराहना

इस साहसिक अभियान में थानाध्यक्ष सत्येंद्र वर्मा, उपनिरीक्षक दुर्गेश तिवारी, हेड कांस्टेबल अमजद खान, कांस्टेबल उमेश पासवान और कांस्टेबल हरी गोविंद शामिल रहे। पुलिस की बहादुरी और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

Location :  Balrampur

Published :  19 July 2026, 9:44 AM IST