हिंदी
छात्रों ने निकाली पदयात्रा
Balrampur: एमएलके पीजी कॉलेज में बुधवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एनसीसी कैडेटों और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज को महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया। पदयात्रा और मानव श्रृंखला के जरिए युवाओं ने महिला सशक्तिकरण का पुरजोर संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र और प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया। उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आरती तिवारी ने कहा, "नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मूल उद्देश्य देश की आधी आबादी को शासन और नीति निर्धारण में उचित प्रतिनिधित्व देकर लैंगिक समानता सुनिश्चित करना है। अब समय आ गया है जब समाज की मानसिकता को बदलकर महिलाओं को संघर्ष से ऊपर उठाकर नेतृत्व की भूमिकाओं में लाना होगा।"
Balrampur News: पुलिस की कार्रवाई को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश, कलेक्ट्रेट का किया घेराव
प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि 106वां संवैधानिक संशोधन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक मील का पत्थर है। लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित होने से नीति निर्माण में महिलाओं की उपस्थिति बढ़ेगी, जिससे हमारा लोकतंत्र अधिक संवेदनशील और समावेशी बनेगा।
संबोधन के पश्चात एनसीसी कैडेटों, एनएसएस स्वयंसेवकों और महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा एक विशाल 'नारी शक्ति पदयात्रा' निकाली गई। यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर पहुंची, जहां गगनभेदी नारों के साथ लोगों को जागरूक किया गया। महाविद्यालय के स्टैच्यू हॉल के समीप कैडेटों ने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का प्रदर्शन किया और 'नारी शक्ति दीवार' का निर्माण किया।
Balrampur News: पुलिस की कार्रवाई को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश, कलेक्ट्रेट का किया घेराव
इस अवसर पर मुख्य नियन्ता प्रो. वीणा सिंह और सांस्कृतिक निदेशक प्रो. रेखा विश्वकर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. रमेश शुक्ल, डॉ. जितेन्द्र कुमार, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. देवेन्द्र कुमार चौहान, भाजपा महामंत्री वरुण सिंह सहित भाजपा महिला प्रकोष्ठ की कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Location : Balrampur
Published : 15 April 2026, 7:16 PM IST
Topics : Balarmpur mlkcollege balarmpur ncc Balrampur