
सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में (Source: Dynamite News)
Balrampur: बलरामपुर जिले के महराजगंज तराई कस्बे में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। तीन बीघे जमीन के विवाद में परिवार के सदस्यों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक परिवार के वयोवृद्ध मुखिया देवबक्श सिंह ने अपनी संपत्ति में से तीन-तीन बीघा जमीन अपने दो बेटों की पत्नियों के नाम बैनामा कर दी थी। इसी जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि 12 अगस्त को विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने एक राय होकर दूसरे पक्ष के परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में रवि प्रताप सिंह, उनकी पत्नी सुधा सिंह, बेटी सत्यमा सिंह और बेटे मोनू सिंह व सोनू सिंह घायल हो गए।
हमले में सोनू सिंह को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बहराइच रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 31 वर्षीय सोनू सिंह की मौत हो गई।
इस खूनी संघर्ष में रवि प्रताप सिंह और उनके बेटे मोनू सिंह के हाथ की हड्डियां टूट गईं। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी और केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर महराजगंज तराई कस्बे से आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में 82 वर्षीय देवबक्श सिंह, उनके बेटे राकेश प्रताप सिंह उर्फ ननकू सिंह और शशिभूषण सिंह, पोते अक्षय सिंह उर्फ डब्लू सिंह और राजसिंह, सहयोगी सुरेंद्र नाथ जयसवाल तथा गुड्डी सिंह और कल्पना सिंह शामिल हैं।
बागपत डबल मर्डर: जिंदा दफनाने के बाद उसी जगह धूनी रमाकर बैठा रहा साधु! 14 दिन बाद खुला खौफनाक राज
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई लाठियां और ईंट-पत्थर भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
Location : Balrampur
Published : 14 August 2026, 3:34 PM IST
Topics : balrampur police sp Balrampur UP News Crime