UP Crime: Balrampur में रंजिश का खौफनाक अंत, मासूम की गला दबाकर हत्या
बीते 8 मई को लापता हुए मासूम का शव अगले दिन गांव में ही बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि अनार तोड़ने जैसे मामूली विवाद और पुरानी रंजिश के कारण पड़ोसी ने ही मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी थी
सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा सोर्स डाइनामाइट न्यूज
Balrampur: जनपद के थाना गौरा चौराहा क्षेत्र अंतर्गत त्रिलोकपुर गांव में बीते दिनों लापता हुए मासूम बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल मुख्य आरोपी और उसे संरक्षण देने वाले एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में हत्या की वजह मामूली विवाद और आपसी रंजिश निकलकर सामने आई है।
क्या है पूरी खबर?
मामले के अनुसार, त्रिलोकपुर निवासी राजकुमार बीते 8 मई को अपने घर के बाहर खेलते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी ही थी कि अगले दिन बालक का शव गांव के ही एक व्यक्ति के घर के पीछे गड्ढे में बरामद हुआ।
दो युवकों को घेराबंदी कर दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। थानाध्यक्ष हरीश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने साक्ष्यों का संकलन करते हुए शनिवार को पिपराघाट पुल के समीप से महेश यादव और आकाश नामक दो युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में मुख्य आरोपी महेश यादव ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक बालक का उसके परिवार के बच्चों के साथ पूर्व में विवाद हुआ था। घटना से एक दिन पूर्व अनार तोड़ने की बात को लेकर बालक का आरोपी की मां के साथ विवाद हुआ, जिससे क्षुब्ध होकर महेश ने बालक को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
दूसरा आरोपी आकाश, वारदात की जानकारी होने के बावजूद मुख्य अभियुक्त को अपनी बाइक से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में तीन अन्य सह-आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर विधिक कार्यवाही पूर्ण कर ली है।