स्वतंत्रता दिवस से पहले बलरामपुर में ड्रोन-कैमरों का पहरा, भारत-नेपाल सीमा से लेकर रेलवे स्टेशन तक पुलिस अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस से पहले बलरामपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और भीड़भाड़ वाले इलाकों से लेकर भारत-नेपाल सीमा तक निगरानी बढ़ाई गई है। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 14 August 2026, 6:46 PM IST

Balrampur: स्वतंत्रता दिवस को लेकर बलरामपुर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। 15 अगस्त से पहले पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा का ऐसा घेरा तैयार किया है, जिसमें जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय की देखरेख में प्रमुख स्थानों पर पुलिस टीमों की तैनाती बढ़ाई गई है।

रेलवे स्टेशन से होटल तक सघन चेकिंग

राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, होटलों, धर्मशालाओं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की जांच की गई। पुलिस की कोशिश है कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के दौरान किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

ये भी पढ़ें- ‘काली कमाई’ पर पुलिस का बड़ा एक्शन! आजमगढ़ में कुर्क हुई 1.92 करोड़ की प्रॉपर्टी, जानिए कौन है ये शातिर गैंगस्टर

भारत-नेपाल सीमा पर भी बढ़ी चौकसी

नेपाल सीमा से सटे इलाकों को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। सीमावर्ती थानों की पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक का भी बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिले में लगे सीसीटीवी और डिजिटल कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इसकी निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से हो रही है। कार्यक्रम स्थलों और संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी।

ये भी पढ़ें- 29 लाख की फिरौती मामले में नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन, बिसरख थाना प्रभारी समेत तीन पर गिरी गाज

डायल-112 और क्यूआरटी टीम हाई अलर्ट

किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए डायल-112 की गाड़ियों और क्यूआरटी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने सार्वजनिक स्थानों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, स्थानीय अभिसूचना इकाई और पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत 112 पर सूचना देने की अपील की है।

Location :  Balrampur

Published :  14 August 2026, 6:46 PM IST