‘काली कमाई’ पर पुलिस का बड़ा एक्शन! आजमगढ़ में कुर्क हुई 1.92 करोड़ की प्रॉपर्टी, जानिए कौन है ये शातिर गैंगस्टर

आजमगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग ने गैंगस्टर की 1.92 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की। आरोपी पर धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में टप्पेबाजी व चोरी करने वाले गिरोह का संचालन करने का आरोप है। कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 14 August 2026, 6:28 PM IST
google-preferred

Azamgarh: उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर राज उर्फ सवारिया की करीब 1.92 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क कर ली। प्रशासन का दावा है कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी। कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर की गई।

धार्मिक स्थलों पर टप्पेबाजी करता था गिरोह

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि राज उर्फ सवारिया अपने साथियों के साथ मिलकर अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का संचालन करता था। गिरोह के सदस्य प्रयागराज महाकुंभ, काशी विश्वनाथ मंदिर और अयोध्या राम मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं और आम लोगों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करते थे।

पुलिस के अनुसार, अपराध से अर्जित धन का इस्तेमाल भूमि खरीदने और अवैध संपत्ति बनाने में किया गया।

Azamgarh Fire Accident: बिजली के खंभे से टकराकर आग का गोला बना डीजल टैंकर, 3 की दर्दनाक मौत

1.92 करोड़ की जमीन कुर्क

जांच में सामने आया कि राज उर्फ सवारिया ने ग्राम नदौरा तकरकारी और गड़ेरी पट्टी में कुल 538.55 वर्ग मीटर भूमि खरीदी थी। राजस्व विभाग के मूल्यांकन में इस जमीन की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 92 लाख रुपये आंकी गई।

विवेचना के दौरान यह प्रमाणित होने पर कि संपत्ति अवैध कमाई से खरीदी गई है, जिला मजिस्ट्रेट ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की का आदेश जारी किया।

Azamgarh: सपा के जुझारू नेता आलमबदी आजमी का निधन; भावुक हुए अखिलेश यादव, बोले- ‘पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति’

गिरोह के कई सदस्य थे सक्रिय

पुलिस के मुताबिक गिरोह में समर उर्फ अरुण, सुरेश राम, पूनम, लक्ष्मी, रीना, संतरा देवी, संतोष वर्मा उर्फ तोसू वर्मा, अंजली उर्फ लक्ष्मी और राधा समेत कई सदस्य शामिल थे। ये लोग मेलों, धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वारदातों को अंजाम देते थे।
अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई जारी रहेगी

एसपी ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण में थाना बिलरियागंज पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने डुगडुगी पिटवाकर नियमानुसार संपत्ति को प्रशासनिक कब्जे में लिया।

पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Location :  Azamgarh

Published :  14 August 2026, 6:28 PM IST

Advertisement