हिंदी
बिसरख पुलिस स्टेशन (img: dynamite news)
Greater Noida West: बिसरख थाना क्षेत्र में जीएसटी सलाहकार से 29 लाख रुपये की फिरौती वसूली के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद कार्रवाई की गई है। बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह, राइज चौकी इंचार्ज राहुल चौधरी और कांस्टेबल ओम प्रकाश को लाइन हाजिर कर दिया गया।
पूरा मामला 20 जुलाई का है। बिसरख कोतवाली क्षेत्र निवासी जीएसटी सलाहकार संदीप कुमार से कार सवार बदमाशों ने 29 लाख रुपये की फिरौती वसूली थी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन शुरुआती कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हुए। आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय शिकायत पर सबूत नहीं मिलने की रिपोर्ट लगाकर निस्तारित कर दिया था।
मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर तब और सवाल उठे, जब घटना के करीब 19 दिन बाद आनन-फानन में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत को लेकर शुरुआती स्तर पर हुई देरी के कारण पुलिस की काफी किरकिरी हुई। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाई और महज चार दिन के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
मामले के खुलासे के बाद भी शिकायत पर शुरुआती कार्रवाई में हुई देरी को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर बिसरख थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी पीड़ित की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई करना है। किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल 29 लाख रुपये की फिरौती मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Location : Greater Noida
Published : 14 August 2026, 6:27 PM IST