
धरने पर बैठे भाजपा नेता
Balrampur : जिले में एक नामित सभासद पर हुए कथित जानलेवा हमले ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज भाजपा पदाधिकारी, नगर पालिका परिषद के सभासद और जनप्रतिनिधि नगर कोतवाली पहुंच गए और वहीं धरने पर बैठ गए। हालात ऐसे बन गए कि कोतवाली परिसर कुछ समय के लिए आंदोलन स्थल में तब्दील हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हनुमान चालीसा का पाठ और भगवान श्रीराम के नाम का संकीर्तन किया।
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के तुलसीपार्क निवासी और नामित सभासद जयन्त सिंह धर्मू से जुड़ा है। आरोप है कि मंगलवार रात करीब आठ बजे वह अपनी स्कूटी से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान अम्बेडकर तिराहे के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर अन्य युवकों को भी मौके पर बुला लिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि मनी, राना और साहिल समेत कई युवकों ने उन्हें घेरकर मारपीट की। इतना ही नहीं, एक आरोपी ने कथित तौर पर असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह वह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सभासद और भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश में दबिश देने का दावा किया। हालांकि गुरुवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से जनप्रतिनिधियों का आक्रोश बढ़ गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया।
बलरामपुर में बिजली समस्या पर संग्राम, सांसद और विधायक को लिखी चिट्ठी, मांगा पक्का इलाज
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय स्वयं कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। काफी देर तक चली वार्ता के बाद भी प्रदर्शनकारी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू के हस्तक्षेप और एएसपी द्वारा 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
Location : Balrampur
Published : 12 June 2026, 2:19 AM IST