हिंदी
शातिर जालसाज पुलिस की गिरफ्त में ( Img: Dynamite News)
Balrampur: बलरामपुर में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर युवती का भरोसा जीता और राजस्व विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 8 लाख 81 हजार रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़िता ने नौकरी और अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गोविंदबाग निवासी शालिनी वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी मनोज कुमार चौहान, जो रेहरा बाजार के बनकटवा सराय खास का निवासी है, पीड़िता के घर किराए पर रहता था। इसी दौरान उसे पता चला कि युवती सरकारी नौकरी की तलाश में है। उसने खुद को पहले तहसील तुलसीपुर में कनिष्ठ सहायक और बाद में जिलाधिकारी कार्यालय के राजस्व विभाग में लेखाकार बताकर विश्वास हासिल किया।
आरोपी ने युवती को भरोसे में लेने के लिए फर्जी जॉइनिंग लेटर तैयार किया और दावा किया कि उसे राजस्व विभाग में अमीन की नौकरी मिल जाएगी। इस झांसे में आकर पीड़िता ने अलग-अलग तारीखों में कुल 8 लाख 81 हजार रुपये आरोपी को दे दिए। पैसे मिलने के बाद वह लगातार बहाने बनाता रहा और जॉइनिंग लेटर आने की बात कहकर उसे गुमराह करता रहा।
बदायूं मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल आते ही मची खलबली, घंटों चला सर्च ऑपरेशन
करीब एक साल बीतने के बाद जब युवती को ठगी का एहसास हुआ और उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
मामला सामने आने पर एसपी विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह की निगरानी में कोतवाली नगर पुलिस ने विशेष टीम गठित की। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोविंदबाग स्थित सब्जी मंडी के पास घेराबंदी कर आरोपी मनोज कुमार चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Location : Balrampur
Published : 16 July 2026, 2:34 PM IST
Topics : Balrampur Hindi news balrampur sp Balrampur