
बलरामपुर ने छेड़ी हरियाली की बड़ी मुहिम
Balrampur: पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ावा देने के लिए रविवार को जनपद में वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत की गई। एक पेड़ माँ के नाम थीम पर आधारित इस अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। अभियान को जनआंदोलन का रूप देते हुए स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और सुरक्षा बलों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत सिसई में राप्ती नदी के तट पर किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ स्थित बिरजू महाराज कथक संस्थान की अध्यक्ष कुमकुम धर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इसके अलावा बलरामपुर सदर विधायक पल्टूराम, विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्र, शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं राज्य सूचना आयोग के सचिव कुमार प्रशांत, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अतिथियों ने राप्ती तट पर पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की, जिसके बाद वहां मौजूद एनसीसी कैडेट्स, एसएसबी जवानों और आम लोगों ने मिलकर एक साथ 1000 से अधिक पौधे रोपे।
मुख्य अतिथि कुमकुम धर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की वैश्विक चुनौती का सामना करने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के इस आह्वान से जुड़कर प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। विधायक पल्टूराम और विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्र ने पर्यावरण संतुलन को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेने को कहा।
जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने बताया कि जनपद के लिए कुल 47,66,100 पौधारोपण का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें से वन विभाग 13,98,000 और अन्य 26 विभाग मिलकर 33,68,100 पौधों का रोपण करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार केवल पौधे लगाने तक अभियान सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों के जीवित रहने की दर बढ़ाने के लिए उनकी जियो-टैगिंग, नियमित सिंचाई और मुस्तैद देखभाल की व्यवस्था की गई है। वन विभाग द्वारा सभी संबंधित विभागों को पहले ही निःशुल्क पौधे उपलब्ध करा दिए गए थे।
इस महाअभियान के तहत जिले के अमृत सरोवरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों और प्रमुख मार्गों के किनारे छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिवनारायण सिंह सहित जिला विकास अधिकारी और प्रभागीय वनाधिकारी भी उपस्थित रहे।
Location : Balrampur
Published : 13 July 2026, 6:06 AM IST