हिंदी
सपा सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
Balrampur: समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनावी जंग फतह करने के लिए अपनी रणनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है, जिसकी बानगी बलरामपुर जिले में देखने को मिली। यहां के तुलसीपुर क्षेत्र में कौवापुर मोड़ स्थित एसपीएम होटल और गैसड़ी के कन्या इंटर कॉलेज पचपेड़वा के प्रांगण में 'विश्वकर्मा शिल्पकार पीडीए सम्मेलन लक्ष्य-2027' का बेहद भव्य और ऊर्जावान आयोजन किया गया।
जिला अध्यक्ष मणिक लाल कश्यप की अगुवाई में सजे इस सियासी मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने शिरकत की। उनके साथ ही क्षेत्र के सांसद राम शिरोमणि वर्मा, स्थानीय विधायक राकेश यादव, पूर्व विधायक मसूद खान, व्यापार सभा के प्रदेश सचिव प्रखर कलहंस, ओंकार पटेल और भानु त्रिपाठी समेत समाज के कई प्रबुद्ध वर्ग और पार्टी के दिग्गज चेहरे एकजुट नजर आए।
मंच से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए मुख्य अतिथि राम आसरे विश्वकर्मा ने पार्टी की नीतियों और समाजवादी विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए जमीन पर उतरकर काम करना होगा, क्योंकि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए की यही एकजुटता प्रदेश की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत करेगी और सत्ता परिवर्तन का जरिया बनेगी।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने वर्तमान सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। राम मंदिर चंदा प्रकरण का पुरजोर तरीके से जिक्र करते हुए उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में बड़ी मछलियों और मुख्य आरोपियों को साफ बचाया जा रहा है, जबकि छोटे लोगों को आगे कर बलि का बकरा बनाया जा रहा है।
धर्म और आस्था के ठेकेदारों को आड़े हाथों लेते हुए पूर्व मंत्री ने बड़े ही बेबाक अंदाज में कहा कि समाजवादियों की आस्था पर सवाल उठाने वाले यह जान लें कि हमारे घरों में प्रभु श्रीराम, महादेव और संकटमोचन बजरंगबली की मूर्तियां और तस्वीरें सजी हैं और हम पूरी श्रद्धा से उनकी पूजा करते हैं, ऐसे में सच्चे पुजारी तो समाजवादी लोग हैं, फिर भाजपा खुद को कब से असली पुजारी समझने लगी।
इस विशाल राजनीतिक विमर्श को सफल बनाने में विधानसभा अध्यक्ष अरविंद यादव, मोहम्मद उमर खान, जिला महासचिव नरसिंह पाल यादव, विष्णु चौहान, जिला मीडिया प्रभारी गणेश यादव, उमाशंकर विश्वकर्मा, अमिरिका विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा और प्रेम यादव सहित क्षेत्र के अनगिनत कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
Location : Balrampur
Published : 13 July 2026, 5:47 AM IST