
बलरामपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन (Img: Dynamite News)
Balrampur: पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने जब आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ाया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सब्र भी जवाब दे गया। बलरामपुर में सोमवार को कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्य मार्गों पर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर गाड़ियों की कतारें लग गईं और शहर की रफ्तार घंटों के लिए थम गई।
जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और सरकार विरोधी नारे लिखे बैनर लेकर सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि डीजल-पेट्रोल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने माल ढुलाई महंगी कर दी है, जिसका सीधा असर अनाज, सब्जी और रोजमर्रा की चीजों पर पड़ रहा है। रसोई गैस सिलेंडर के दाम आसमान छूने से गरीब और मध्यम वर्ग के घरों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है।
एआईसीसी सदस्य राज बहादुर यादव ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि आज किसान खेत में, मजदूर कारखाने में और व्यापारी बाजार में, हर कोई महंगाई से परेशान है। सरकार को चाहिए कि वह जनता को राहत देने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए। पूर्व जिला अध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की आर्थिक कमर तोड़ दी है और कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक यह लड़ाई जारी रखेगी।
Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल ने फिर तोड़ी आम आदमी की कमर, बिगड़ने लगा घरेलू बजट
पूर्व प्रत्याशी उमाशंकर तिवारी ने कहा कि सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में नाकाम रही है। गैस, आटा, दाल जैसी बुनियादी जरूरतें भी अब आम परिवार की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। ब्लॉक अध्यक्ष उतरौला राकेश तिवारी ने चेतावनी दी कि अगर दाम कम नहीं हुए तो कांग्रेस का यह आंदोलन 9 और तेज होगा।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में मांग की कि पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कटौती की जाए। साथ ही खाद और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम पर भी सरकार नियंत्रण करे ताकि आम लोगों को कुछ राहत मिल सके। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, लेकिन तब तक शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त व्यस्त हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद देर शाम जाकर आवागमन सामान्य हो पाया।
Hamirpur Protest: गैस-पेट्रोल की आग ने सड़क से कलेक्ट्रेट तक मचाया हंगामा, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
इस प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता मारकंडे मिश्र, विनय कुमार मिश्रा, डॉक्टर खलीलुल्लाह, विशाल कश्यप, धर्मेंद्र मिश्र, सुशील कुमार शुक्ला, सियाराम प्रधान, युवा नेता अफरोज खान, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष ईबरार खां, लाल बाबू श्रीवास्तव, अमेरिका कुरील, दिलशाद हुसैन, मोहम्मद जमील समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी बृजेश चौहान ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
Location : Balrampur
Published : 18 May 2026, 5:43 PM IST