
लोक अदालत में इतने मामले निपटे
Balrampur: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को सिविल न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद एवं सत्र न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी की अध्यक्षता में किया गया। इस लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन एवं लंबित कुल 46,834 मामलों का निस्तारण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव यशपाल वर्मा ने बताया कि लोक अदालत में फौजदारी, राजस्व, उत्तराधिकार, मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक विवाद, भरण-पोषण व उपभोक्ता फोरम से संबंधित वादों की सुनवाई हुई। न्यायालयों में कुल 12,398 वाद नियत किए गए जिनमें से 6,979 वाद निस्तारित कर 1,60,940 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनूप कुमार पाण्डेय ने सर्वाधिक 3,600 फौजदारी वादों का निस्तारण कर 69,550 रुपये जुर्माना वसूल किया, जबकि ग्राम न्यायाधिकारी तुलसीपुर आस्था सिंह ने नियत सभी 139 वादों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया।
Balrampur: नेपाल की नदी में डूबा बलरामपुर का युवक, एक महीने पहले ही घर में बजी थी शहनाई
राजस्व न्यायालयों द्वारा 980 राजस्व, 15 स्टाम्प व 433 फौजदारी वादों सहित कुल 1,428 मामलों का निपटारा किया गया। वहीं प्रीलिटिगेशन स्तर पर 36,285 मामलों का मौके पर ही समाधान हुआ जो कुल निस्तारण का 77 प्रतिशत रहा। बैंक रिकवरी के 1,112 मामलों में 6.51 करोड़ रुपये की धनराशि का आपसी समझौता कराया गया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विनोद कुमार बरनवाल ने 43 पारिवारिक वाद निस्तारित किए।
लोक अदालत परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर लगाकर आगंतुकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी हुआ। जिला कारागार बलरामपुर के प्रशिक्षित बंदियों द्वारा निर्मित अगरबत्ती की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
बलरामपुर में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही का बड़ा मामला उजागर
इसके साथ ही श्रम विभाग ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने व रोजगार सृजन के उद्देश्य से एक जिला-एक उत्पाद योजना के तहत प्रदर्शनी भी आयोजित की, जिसमें बड़ी संख्या में वादकारियों व आमजन ने भाग लिया।
Location : Balrampur
Published : 9 May 2026, 8:38 PM IST